संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। थाना सेक्टर-63 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 205 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी गांजे की इस खेप को ट्रक/कंटेनर में क्रेट के नीचे छिपाकर उड़ीसा से गाजीपुर, दिल्ली ले जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में एसजेएम कट, छिजारसी के पास बने फुट ओवर ब्रिज के नजदीक संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कासम दीन पुत्र कालू खां को पकड़ लिया।
जांच के दौरान ट्रक/कंटेनर में क्रेट के नीचे छिपाकर रखी गई गांजे की बड़ी खेप बरामद हुई। पुलिस ने कुल 205 किलो गांजा जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी उड़ीसा से गांजे की खेप लेकर गाजीपुर, दिल्ली जा रहा था। रास्ता भटकने के कारण वह ग्रेटर नोएडा की तरफ पहुंच गया। इसके बाद वह रास्ता पूछते हुए दिल्ली की ओर जाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी कासम दीन के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस गांजा तस्करी के नेटवर्क में उसके साथ शक्ति सिंह और तस्लीम के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
जांच के जरिए पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क, गांजे की सप्लाई और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।
गौरतलब है कि नोएडा पुलिस इससे पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लाखों और करोड़ों रुपये कीमत के नशीले पदार्थ बरामद कर चुकी है। ताजा कार्रवाई में 205 किलो गांजा बरामद होना पुलिस के लिए एक बड़ी बरामदगी मानी जा रही है।

























