ऋषि तिवारी
नई दिल्ली (द्वारका)। राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में स्थित शब्द अपार्टमेंट में रविवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। अपार्टमेंट के टॉप फ्लोर पर अचानक आग की तेज लपटें उठने लगीं, जिसके बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
आग इतनी भीषण थी कि इसकी लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के साथ-साथ बिल्डिंग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
बिल्डिंग से नीचे गिरे तीन लोग
जानकारी के मुताबिक, आग से बचने की कोशिश के दौरान तीन लोग बिल्डिंग से नीचे गिर गए। बताया जा रहा है कि तीनों की हालत गंभीर है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर मौजूद हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मामले में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
मौके पर मची अफरा-तफरी
शब्द अपार्टमेंट में आग लगने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। टॉप फ्लोर से उठती आग की लपटों और धुएं को देखकर आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने और लोगों को सुरक्षित निकालने की कोशिश में जुटे हुए हैं।


























