संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। नोएडा में विश्व संवाद केन्द्र नोएडा एवं प्रेरणा शोध संस्थान न्यास के तत्वाधान में पत्रकार होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रेरणा केंद्र, सेक्टर-62, नोएडा में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद क्षेत्र के मीडिया जगत से जुड़े करीब 75 पत्रकार एवं विशेषज्ञ शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उमानाथ जी ने की। होली मिलन समारोह के दौरान पत्रकारों और मीडिया क्षेत्र से जुड़े लोगों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी संवाद के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।
होली पर मिलन और संवाद की महत्ता बताई
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नोएडा महानगर के प्रचार प्रमुख शुभ्रांशु झा ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने होली के अवसर पर इस तरह के मिलन कार्यक्रमों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि त्योहार लोगों को आपसी संवाद और सामाजिक जुड़ाव का अवसर प्रदान करते हैं।
वहीं, कार्यक्रम में शामिल वरिष्ठ पत्रकार नीरज सिंह ने चुनावी व्यस्तताओं के बीच समय निकालकर कार्यक्रम में पहुंचे सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।
समाज की एकजुटता पर दिया जोर
प्रेरणा शोध संस्थान न्यास की अध्यक्ष श्रीमती प्रीति दादू ने भी होली पर्व और समाज की एकजुटता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने सामाजिक समरसता और आपसी मेल-जोल को मजबूत करने में ऐसे आयोजनों की भूमिका पर बात रखी।
पत्रकार होली मिलन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। अमित गौतम, वैभव, अर्पित मिश्रा, दुर्गेश शर्मा, अजय पाल, ज्योति प्रकाश और हर्षित जी ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मनोरंजन किया और समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण बना दिया।
फूलों की होली के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम का समापन होली के गीतों और फूलों की होली के साथ हुआ। पत्रकारों एवं कार्यक्रम में मौजूद अन्य लोगों ने एक-दूसरे के साथ फूलों की होली खेलकर होली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान सभी ने आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ होली की शुभकामनाएं दीं।
इस पत्रकार होली मिलन समारोह के जरिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के मीडिया जगत से जुड़े लोगों को एक-दूसरे से मिलने और संवाद करने का अवसर मिला।

























