UP News: उत्तर प्रदेश के हाथरस शहर में बंदरों के बढ़ते आतंक को लेकर एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। जलेसर रोड स्थित अक्रूर कॉलोनी में खूंखार बंदरों से बचने के चक्कर में एक युवती तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई। हादसा इतना भयानक था कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
यूं घटी दर्दनाक घटना
जानकारी के अनुसार, हाथरस शहर के अक्रूर कॉलोनी में बंदरों का आतंक काफी समय से चल रहा है। इसी बीच कुछ बंदर युवती के मकान में घुस गए और उस पर हमला बोल दिया। खुद को बचाने के प्रयास में युवती घबरा गई और पीछे हटते हुए अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। इससे पहले कि वह संभल पाती, वह सीधे तीसरी मंजिल से नीचे सड़क पर जा गिरी।
रेस्क्यू का भी नहीं चला बसेरा
युवती के गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए लोगों ने इंतजाम किया, लेकिन तकदीर में कुछ और ही लिखा था। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही युवती ने अपनी जान गंवा दी। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें : जानें भगवान विष्णु ने कच्छप का रूप लेने के असली कारण
युवती की मौत की खबर फैलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा देखा जा रहा है। आसपास के निवासियों का आरोप है कि बंदरों के आतंक को लेकर उन्होंने प्रशासन से कई बार शिकायत की थी, लेकिन बंदरों को पकड़ने या उन्हें दूसरे स्थान पर छोड़ने के लिए कोई ठोस या प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
लोगों ने स्पष्ट कहा है कि प्रशासन की लापरवाही की वजह से एक निर्दोष युवती की जान चली गई है। हादसे के बाद पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं, गुस्साए लोगों ने प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप करते हुए इलाके से बंदरों को पकड़ने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी कोई और त्रासदी न हो सके। अब देखना यह है कि इस घटना के बाद प्रशासन कितनी तेजी से कार्रवाई करता है।




















