गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर हुए हाई-प्रोफाइल हिट एंड रन मामले में मंगलवार को बड़ा अपडेट सामने आया। पीड़िता महिला बाइकर सिया ने अब तक की चुप्पी तोड़ते हुए मीडिया के सामने आकर पूरी घटना की कहानी सुनाई।
बता दें कि इससे पहले सिया साफ कह चुकी थीं कि वे मीडिया के सामने नहीं आना चाहतीं। लेकिन अब उन्होंने न सिर्फ हादसे की हर परत खोली, बल्कि आरोपी पर हत्या की कोशिश जैसा गंभीर आरोप भी साधा।
‘मैं अपनी लेन में चल रही थी, फिर भी मेरा पीछा क्यों हुआ?’
बता दें कि मीडिया से बातचीत करते हुए सिया ने कई सवाल खड़े किए है और कहा है कि मेरे पीछा करने की क्या वजह थी? मैं अपनी लेन में पूरी तरह चल रही थी। उस वक्त मेरे दिल में सिर्फ ये डर था कि कहीं वे लोग कुछ भी कर न दें। इस पूरे हादसे में मेरे हाथ और पैर में चोटें आई हैं। मेरी नजर में ये महज हिट एंड रन नहीं, बल्कि हत्या की कोशिश का मामला है।”
राइड को लेकर सफाई देते हुए उन्होंने बताया कि हमारी राइड दिल्ली से गुड़गांव स्थित बाइकर वन कैफे की तरफ जा रही थी। मेरा कोई फिक्स्ड ग्रुप नहीं है, मैं अक्सर अपने भाई के साथ भी राइड करती हूं। कार वालों को पिंच करने जैसा कोई शौक मेरा नहीं है। पिछले एक साल से मैं बाइक चला रही हूं।
हादसे के बाद क्या हुआ? दोनों ब्रेक टूटे
सिया ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी बाइक के आगे और पीछे दोनों ब्रेक टूट गए और गाड़ी चलाने लायक नहीं बची। हादसे के बाद मैं बुरी तरह घबरा गई थी। उस हालत में मैं बाइक बिल्कुल नहीं चला पा रही थी।
मेरे साथ राइड कर रहे एक दूसरे राइडर ने मुझे देखा, अपनी बाइक पर पीछे बिठाया और हम सब बाइकर वन कैफे पहुंचे। बाद में उसी राइडर ने मेरी बाइक चलाई और मैं दूसरी बाइक पर घर तक लौटी।”
‘पूरे देश के पास वीडियो है, कोई सफाई काम नहीं आएगी’
सिया ने साफ शब्दों में कहा कि आरोपी ने जानबूझकर टक्कर मारकर भागने की कोशिश की। उन्होंने कहा है कि जब मैं राइड करती हूं, तो मुझे अपनी सुरक्षा का पूरा ध्यान रहता है। ऐसे में मैं किसी गाड़ी से बिना वजह पंगा क्यों लूंगी?
पूरे देश के पास उस वक्त का वीडियो मौजूद है, कोई भी देख सकता है कि असल में गुनाह किसने किया। मुझे नहीं लगता कि उनकी कोई सफाई उन्हें बचा पाएगी। वे जानबूझकर हिट करके आगे बढ़ गए।
एक चौंकाने वाला खुलासा भी करते हुए सिया ने बताया कि गुरुग्राम पुलिस ने उनसे संपर्क के लिए इंस्टाग्राम का सहारा लिया था।
वकील के ‘पब्लिसिटी’ आरोप पर बेजवाब जवाब
वहीं, आरोपी युवक कल्याण बैंसला के वकील ने सिया पर मामले में पब्लिसिटी बटोरने का आरोप लगाया है। इस सवाल पर सिया ने कहा है कि सोशल मीडिया पर वीडियो डालने का मकसद सिर्फ जागरूकता था। आज लोगों में डर नाम की चीज नहीं बची, रोड पर किसी को भी रौंदकर चले जाते हैं। ऐसे जुर्म के खिलाफ डर पैदा करना हम सबकी जिम्मेदारी है।”
‘जब तक कोई बाइकर ठुक कर मर न जाए
सिया ने गुरुग्राम की कानून-व्यवस्था पर भी कड़वे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में लॉ एंड ऑर्डर के नाम पर कोई व्यवस्था नहीं है। ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लगते हैं। क्या जब तक कोई बाइकर ठुक कर मर नहीं जाएगा, तब तक व्यवस्था नहीं जागेगी?
अगर बाइकरों पर पाबंदी लगाते हैं, तो ये भी देखिए कि चार पहिया वाहन कितनी बदतर ड्राइविंग कर रहे हैं, उनके लिए आप क्या कर रहे हैं?”
इंस्टाग्राम वीडियो में आरोपी को घेरा
सिया ने अपने नए इंस्टाग्राम वीडियो में आरोपी कल्याण बैंसला पर सीधे सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अगर आपको वाकई मेरे लिए दुख था, तो टक्कर के बाद आप मौके पर रुके क्यों नहीं? उस वक्त मेरी जान भी जा सकती थी। टक्कर के बाद उन्होंने ये तक जानने की कोशिश नहीं की कि मैं सुरक्षित हूं या नहीं। अगर घटना का पछतावा होता, तो कोई तो आता।
गोल्फ कोर्स रोड पर आखिर क्या हुआ था?
दरअसल, ये पूरी घटना रविवार सुबह गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर हुई थी। पीड़िता के मुताबिक वे बाइकर्स के ग्रुप के साथ अपनी ‘अप्रीलिया RS 457 स्पोर्ट्स’ बाइक चला रही थीं। तभी एक कार ने उनका पीछा करना शुरू किया। सिया द्वारा इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए पोस्ट में आरोप लगाया गया था कि कार सवार लोग बार-बार उनकी बाइक के बेहद करीब आए और असहज करने वाला व्यवहार किया, जिसके बाद ही हादसा हुआ।


























