गुरुग्राम के सुशांत लोक फेज-2 इलाके में गुरुवार रात हुई पुलिस मुठभेड़ ने पूरे शहर को हिला दिया। एक कारोबारी के घर पर फायरिंग करने पहुंचे हथियारबंद बदमाशों और क्राइम ब्रांच की टीमों के बीच आमना-सामना हो गया। पुलिस कार्रवाई में चार शूटर्स मारे गए, जबकि एक बदमाश गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। वहीं अपराधियों से मुकाबला करते हुए गुरुग्राम पुलिस के तीन जवान भी गोली लगने से घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई रंगदारी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे दीपक नांदल गैंग के शूटरों के खिलाफ की गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नांदल के इशारे पर इन बदमाशों को कारोबारी को डराने और दबाव बनाने के लिए भेजा गया था।
सूचना मिलते ही एक्टिव हुई क्राइम ब्रांच
गुरुग्राम पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि सुशांत लोक फेज-2 इलाके में एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन घूम रहा है। बताया गया था कि गाड़ी में कई हथियारबंद लोग मौजूद हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की कई टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना कर दी गईं।
पुलिस टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो वहां स्थिति बेहद तनावपूर्ण थी। स्कॉर्पियो में सवार बदमाश एसजीटी यूनिवर्सिटी के संस्थापक के बेटे और कारोबारी विशाल बेरी के घर पर लगातार गोलियां चला रहे थे। अचानक हुई फायरिंग से परिवार के लोग दहशत में आ गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कारोबारी से मांगी जा रही थी रंगदारी
जांच में पता चला है कि कारोबारी विशाल बेरी को पिछले कुछ समय से विदेश में बैठे एक कुख्यात गैंगस्टर की ओर से धमकी भरे संदेश भेजे जा रहे थे। आरोप है कि उनसे बड़ी रकम की मांग की गई थी। रंगदारी नहीं देने पर परिवार को डराने और दबाव बनाने के मकसद से शूटर्स को भेजा गया था।
हालांकि, पुलिस की सक्रियता के कारण बदमाश अपनी योजना में सफल नहीं हो सके। क्राइम ब्रांच की टीमों ने मौके पर पहुंचकर अपराधियों को घेर लिया और उन्हें हथियार डालकर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। लेकिन बदमाशों ने पुलिस की चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए फायरिंग शुरू कर दी।
करीब 9 बजे गोलियों से गूंज उठा इलाका
सुशांत लोक जैसे पॉश इलाके में रात करीब 9 बजे गोलियों की आवाज से लोग सहम गए। पहले बदमाशों की ओर से फायरिंग हुई और इसके बाद पुलिस और अपराधियों के बीच सीधी मुठभेड़ शुरू हो गई।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला। दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं। इस दौरान पांचों शूटर्स को गोलियां लगीं। पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चार बदमाशों को मृत घोषित कर दिया। एक अन्य शूटर का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।मुठभेड़ के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

किराये की स्कॉर्पियो से पहुंचे थे बदमाश
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि बदमाश जिस स्कॉर्पियो वाहन से पहुंचे थे, वह किराये की थी। वाहन की नंबर प्लेट को पहचान छिपाने के लिए काले रंग से ढकने की कोशिश की गई थी। पुलिस अब वाहन के मालिक, बदमाशों के संपर्कों और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। मौके से हथियार, खाली कारतूस और अन्य महत्वपूर्ण सामान बरामद किए गए हैं।
दीपक नांदल गैंग पर पहले भी लग चुके हैं आरोप
पुलिस के मुताबिक, दीपक नांदल गैंग पहले भी कई हाई-प्रोफाइल लोगों से रंगदारी मांगने के मामलों में सामने आ चुका है। इस गैंग पर मशहूर सिंगर फाजिलपुरिया, सौरभ यादव, एक कार शोरूम संचालक और फैशन डिजाइनर सहित कई लोगों को धमकाने के आरोप लगे हैं। पुलिस पहले भी इस गैंग से जुड़े कई शूटरों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। इस मामले के बाद पुलिस ने कारोबारी विशाल बेरी और अन्य संभावित टारगेट लोगों की सुरक्षा बढ़ा दी है।






















