Gujarat News: गुजरात के सूरत जिले के लिंबायत इलाके में मंगलवार सुबह एक दिलदहला देने वाला हादसा हुआ। एक रिहायशी इमारत में गैस सिलेंडर से रिसाव के कारण लगी भयानक आग में एक ही परिवार के पांच लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में चार महिलाएं और एक चार साल का मासूम बच्चा शामिल है।
खाना बनाते समय हुआ हादसा
पुलिस और फायर ब्रिगेड को मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा दो मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर सुबह करीब 11 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग खाना बना रहे थे, तभी अचानक सिलेंडर से गैस लीक हो गई और आग पकड़ ली।
साड़ी पैकिंग का सामान बना ‘आग’ का कारण
हादसे को और भी भयावह बनाने वाली मुख्य वजह घर में रखा सामान रहा। दरअसल, यह परिवार अपने घर पर ही साड़ियों की पैकिंग का काम करता था। घर के अंदर कपड़ों और पैकिंग सामग्री का भारी ढेर लगा था। जैसे ही आग ने इन ज्वलनशील सामग्रियों को अपनी चपेट में लिया, तेजी से आग ने भयानक रूप ले लिया। देखते ही देखते आग इतनी बड़ी हो गई कि घर के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का भी मौका नहीं मिला और पांच लोग जिंदा जल गए।
मृतकों की पहचान
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकलकर्मियों ने घर के अंदर से पांच लाशें बरामद कीं। मृतकों की पहचान इस प्रकार है शहनाज बेगम अंसारी (65), शबीना रमजान अंसारी (28), खुशनुमा अब्दुल अंसारी (19), हुसैना बेगम अंसारी (18), मासूम सुभान रमजान अंसारी (4) पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल भेज दिया है, जहां उनका पोस्टमार्टम किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : दिल्ली में भ्रष्टाचार का भंडाफोड़, शाहदरा उत्तरी जोन के डीसी गिरफ्तार
FSL टीम मौके पर, जांच शुरू
हादसे के घटनास्थल पर पहुंचे एडिशनल सीपी बलराम मीणा ने मीडिया को बताया कि आज सुबह लिंबायत पुलिस स्टेशन क्षेत्र में एक घर में आग लगने की सूचना मिली। प्रभावित परिवार साड़ियों की पैकिंग का काम करता था, जिसके चलते घर में इससे जुड़ी सामग्री भारी मात्रा में मौजूद थी। इस दुर्घटना में 5 लोगों की मौत हो गई है।
उन्होंने आगे बताया कि आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो तफ्तीश में जुटी हुई है। पूरे मामले को लेकर पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

















