Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी शातिर गौ तस्कर को मुठभेड़ के बाद घायल कर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाश पर उत्तर प्रदेश और हरियाणा के विभिन्न थानों में गौवध और पशु क्रूरता के कई संगीन मामले दर्ज हैं।
कार्गो टी प्वाइंट पर चल रही थी पुलिस की चेकिंग
जानकारी के अनुसार, रबूपुरा पुलिस मंगलवार देर रात कार्गो टी प्वाइंट पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर की प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति को देखकर पुलिस टीम ने उसे रोकने का इशारा किया। हालांकि, आरोपी ने पुलिस को देखते ही रुकने के बजाय मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश की।
यह भी पढ़ें : सोमवार व्रत कथा का रोचक प्रसंग, जाने शिव का ये चमत्कार

पुलिस टीम ने जब उसका पीछा किया तो आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर धराशायी हो गया। पुलिस ने तत्काल उसे प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
कौन है यह इनामी बदमाश?
घायल आरोपी की पहचान संजू उर्फ लुक्का (32 वर्ष) पुत्र रुक्का, निवासी शेखपुर, थाना चांदहट, जिला पलवल (हरियाणा) के रूप में हुई है। डीसीपी ग्रेटर नोएडा प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि संजू पलवल का निवासी है और एक शातिर अपराधी है। उस पर नोएडा के रबूपुरा थाने और हरियाणा के फरीदाबाद समेत अन्य थानों में गौवध के कई मामले दर्ज हैं। वह रबूपुरा कोतवाली में दर्ज तीन अलग-अलग मुकदमों में वांछित चल रहा था, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।



















