Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी-1 स्थित 7वें एवेन्यू सोसाइटी में एक दर्दनाक हादसा ने सबको स्तब्ध कर दिया है। एक 3 साल के मासूम बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में 12वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब बच्चा घर में अकेला था और उसकी मां उसके बड़े भाई को ट्यूशन छोड़ने गई हुई थीं।
कैसे हुआ हादसा?
बता दें कि पुलिस के अनुसार, घटना बिसरख कोतवाली क्षेत्र के गौर सिटी-1 की है। पीड़ित परिवार में संजय पाल निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उनके 3 वर्षीय पुत्र सागनिक पाल की मौत एक छोटी सी चूक की वजह से हो गई। रोज की तरह दोपहर में सागनिक की मां उसके बड़े भाई को पास ही ट्यूशन छोड़ने गई थीं। उन्होंने सोचा था कि वह कुछ ही मिनटों में लौट आएंगी, इसलिए उन्होंने सागनिक को घर पर ही छोड़ा।
यह भी पढ़ें : सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को ईद की हार्दिक शुभकामनाएँ दी, शांति और सद्भाव की अपील

शुरुआती जांच में पता चला कि सागनिक घर में खेलते-खेलते बालकनी तक पहुंच गया। बालकनी में एक कुर्सी रखी हुई थी। मासूम खेल-खेल में उस कुर्सी पर चढ़ गया और नीचे झांकने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह 12वीं मंजिल से सीधे नीचे जा गिरा।
सोसाइटी में मचा हड़कंप
बच्चे के ऊंचाई से गिरने की आवाज सुनते ही सोसाइटी में हड़कंप मच गया। सुरक्षा गार्ड और नीचे मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। खून से लथपथ सागनिक को तुरंत पास के एक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगने के कारण बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई थी।
पुलिस का बयान
एसीपी बिसरख पवन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक की पहचान सागनिक पाल के रूप में हुई है। उन्होंने कहा, “यह एक दुखद घटना है। बच्चे के माता-पिता इस सदमे से बुरी तरह टूट चुके हैं। हम शव का पोस्टमार्टम करवाके आगे की कार्रवाई कर रहे हैं।”
यह भी पढ़ें : दिल्ली की जहरीली हवा पर AIIMS ने शुरू की बड़ी स्टडी
सवाल खड़े कर गई त्रासदी
इस घटना ने ऊंची इमारतों (हाई-राइज सोसाइटी) में रहने वाले परिवारों के लिए कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बालकनी की सुरक्षा व्यवस्था और छोटे बच्चों को कुछ ही मिनट के लिए भी अकेला छोड़ने के खतरों को एक बार फिर उजागर किया है यह हादसा। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को कभी भी अकेला न छोड़ें और बालकनी में ऐसी कोई भी चीज न रखें जिस पर बच्चे चढ़ सकें।




















