ऋषि तिवारी
नई दिल्ली। लव कुश रामलीला कमेटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने सांसद प्रवीण खंडेलवाल के नेतृत्व में दिल्ली के पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा से मुलाकात की। इस दौरान लव कुश रामलीला कमेटी के महामंत्री सुभाष गोयल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

महामंत्री सुभाष गोयल ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल की ओर से पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा को आगामी लव कुश रामलीला मंचन समारोह में शामिल होने और लीला अवलोकन के लिए निमंत्रण पत्र दिया गया। पुलिस आयुक्त ने निमंत्रण को स्वीकार किया। इस अवसर पर कमेटी की ओर से उनका स्वागत भी किया गया।
सुभाष गोयल ने बताया कि इस वर्ष रामलीला मंचन समारोह 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दशहरा का पर्व 2 अक्टूबर को देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। लव कुश रामलीला कमेटी की ओर से प्रभु श्रीराम की रामलीला का भव्य मंचन पूरे उत्साह और धार्मिक भावना के साथ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। रामलीला के माध्यम से समाज को मर्यादा, भाईचारे, प्रेम, सौहार्द और एकता का संदेश मिलता है।
सुभाष गोयल ने कहा कि प्रभु श्रीराम के आदर्श जीवन से प्रेरणा लेकर लोग अपने जीवन में संस्कार और सद्भाव को अपनाते हैं। रामलीला का मंचन बच्चों और युवा पीढ़ी को भी भारतीय संस्कृति, परंपराओं और उत्तम संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि लव कुश रामलीला कमेटी का प्रयास रहेगा कि प्रभु श्रीराम के आदर्शों और उनके जीवन मूल्यों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि समाज में प्रेम, भाईचारे और सौहार्द की भावना और मजबूत हो।
कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी रामलीला समारोह को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है।

























