संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय अलुम्नी एसोसिएशन ने अपनी पहली आधिकारिक बैठक आयोजित कर विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों को एकजुट करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया। बैठक में विश्वविद्यालय के सम्मानित कुलपति प्रोफेसर रवींद्र सिन्हा और रजिस्ट्रार डॉ. विश्वास त्रिपाठी ने विशेष रूप से शिरकत की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों को अलुम्नी एसोसिएशन के मंच से एकजुट करना और उनके बीच मजबूत संपर्क स्थापित करना रहा। इस दौरान एक ऐसे मजबूत समुदाय के निर्माण पर चर्चा की गई, जो भविष्य में विश्वविद्यालय के विकास और छात्रों के हित में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।
पूर्व छात्रों को एक मंच पर लाने पर चर्चा
बैठक में अलुम्नी एसोसिएशन के तहत विश्वविद्यालय के सभी पूर्व छात्रों को जोड़ने की योजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। एसोसिएशन के माध्यम से पूर्व छात्रों के बीच आपसी संबंध मजबूत करने के साथ-साथ उनके अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ विश्वविद्यालय तथा वर्तमान छात्रों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
अजीत कुमार और सुनील शर्मा ने जताया आभार
अलुम्नी एसोसिएशन के अध्यक्ष अजीत कुमार और महासचिव सुनील शर्मा ने बैठक में भाग लिया। उन्होंने कुलपति प्रोफेसर रवींद्र सिन्हा और रजिस्ट्रार डॉ. विश्वास त्रिपाठी का छात्रों और पूर्व छात्रों के व्यापक हित में इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए आभार व्यक्त किया।
एसोसिएशन के सदस्यों ने विश्वविद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पूर्व छात्रों को एकजुट करने से विश्वविद्यालय के विकास को नई दिशा मिल सकती है। सदस्यों ने विश्वविद्यालय की प्रगति में सक्रिय योगदान देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
विश्वविद्यालय के लिए नए दौर की शुरुआत
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय अलुम्नी एसोसिएशन की यह पहली आधिकारिक बैठक विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों के लिए एक नए दौर की शुरुआत के रूप में देखी जा रही है। अलुम्नी एसोसिएशन के माध्यम से देश-विदेश में मौजूद पूर्व छात्रों को एक मंच पर लाने और उनके बीच मजबूत संबंध स्थापित करने में मदद मिलेगी।
इस पहल से पूर्व छात्रों की सहभागिता बढ़ने के साथ विश्वविद्यालय और वर्तमान विद्यार्थियों के बीच भी बेहतर संवाद स्थापित होने की उम्मीद है।

























