संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। हरियाली तीज, सावन के सबसे लोकप्रिय और आध्यात्मिक रूप से महत्वपूर्ण त्योहारों में से एक है। इसी उत्साह और उमंग के साथ जेवीसीसी लाफ्टर क्लब, नोएडा के सदस्यों ने हरियाली तीज समारोह का भव्य आयोजन किया। कार्यक्रम में गीत, नृत्य, भजन और हास्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सावन की खुशियों और तीज की पारंपरिक संस्कृति को जीवंत किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत अशोका कुमारी के मधुर सावन गीत से हुई। उनकी मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को सावन की रंगीन फुहारों से भर दिया।
इसके बाद डोगरा ने बॉलीवुड गीतों के माध्यम से क्लब के महत्वपूर्ण सदस्यों का मनोरंजक और हास्यपूर्ण परिचय प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति ने सभी सदस्यों को खूब हंसाया और कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना दिया।
सोनिया, मनोरमा, किरण, मंजू, वीणा, अनीता, चंचल, सरिता, पूनम और मधु ने शानदार समूह नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं आर्या कुमारी ने अपने भावपूर्ण भजन से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उनकी प्रस्तुति को उपस्थित सदस्यों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम के अंत में हरियाली तीज की विशेष मिठाई घेवर सभी सदस्यों को वितरित किया गया। पारंपरिक मिठाई और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सावन तीज समारोह को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर जेवीसीसी लाफ्टर क्लब के सदस्यों ने न केवल हरियाली तीज की परंपरा और संस्कृति को उत्साहपूर्वक मनाया, बल्कि आपसी मेल-जोल, भाईचारे और खुशियों को भी साझा किया। गीत, संगीत, नृत्य और भक्ति से सजा यह हरियाली तीज समारोह सभी के लिए आनंद और उल्लास से भरा यादगार अवसर रहा।






















