संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। रोटरी क्लब नोएडा की बोर्ड मीटिंग में रोटेरियन डॉ. मोहिता शर्मा को सर्वसम्मति से रोटरी क्लब नोएडा की अध्यक्षा नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल एक वर्ष का होगा। बोर्ड मीटिंग की अध्यक्षता कर रहे आरटीएन आशुतोष सिंघल ने सर्वसम्मति से डॉ. मोहिता शर्मा के नाम पर मुहर लगाई।
रोटरी क्लब नोएडा की नई अध्यक्षा डॉ. मोहिता शर्मा नोएडा स्थित तिरुपति आई सेंटर की चेयरमैन हैं। वह लंबे समय से सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए उन्होंने पिछले कई वर्षों में सैकड़ों गरीब और असहाय लोगों के मोतियाबिंद के निःशुल्क ऑपरेशन कराने में योगदान दिया है।
रोटरी क्लब नोएडा की ओर से सामाजिक सरोकार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट चलाए जा रहे हैं। डॉ. मोहिता शर्मा के नेतृत्व में इन अभियानों को और प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई गई है।
अध्यक्षा नियुक्त होने के बाद डॉ. मोहिता शर्मा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की संस्था रोटरी का हिस्सा होना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगी।
उन्होंने रोटरी क्लब की ओर से चलाए जा रहे उड़ान प्रोजेक्ट का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके माध्यम से निःशुल्क दिव्यांग लोगों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है।
इसके अलावा प्रोजेक्ट दृष्टि के तहत गरीब और असहाय लोगों के निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन तथा प्रोजेक्ट जागृति के माध्यम से निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन ड्राइव संचालित की जा रही है।
डॉ. मोहिता शर्मा ने कहा कि रोटरी अध्यक्षा के रूप में वह इन सामाजिक अभियानों को आगे बढ़ाने के साथ-साथ कई नई पहलों की भी शुरुआत करेंगी। उनका उद्देश्य ऐसी योजनाओं को बढ़ावा देना है, जिनका सीधा लाभ समाज के जरूरतमंद लोगों तक जमीनी स्तर पर पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि सामाजिक सेवा के माध्यम से जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। रोटरी क्लब नोएडा की नई जिम्मेदारी को लेकर उन्होंने संस्था के सभी सदस्यों का आभार भी व्यक्त किया।

























