संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कलेक्ट्रेट स्थित EVM/VVPAT वेयर हाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और पुलिस कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला मजिस्ट्रेट ने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात संबंधित पुलिस स्टाफ से वार्ता की और EVM मशीनों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्वाचन से जुड़ी ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं पूरी तरह सुदृढ़ रखी जाएं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने EVM/VVPAT वेयर हाउस के ताले पर लगी सील की भी जांच की। जांच के दौरान सील सही स्थिति में पाई गई। इसके साथ ही उन्होंने वेयर हाउस में लगे CCTV कैमरों का गहनता से अवलोकन किया। निरीक्षण में सभी सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील पाए गए।
मनीष कुमार वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि EVM और VVPAT मशीनों की सुरक्षा के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाओं को मजबूत और व्यवस्थित रखा जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान EVM/VVPAT वेयर हाउस की सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
























