संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर स्थित जिला कारागार में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला न्यायाधीश अवनीश सक्सेना, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से जिला जेल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जेल की बैरकों, परिसर, कार्यालय, मेस और अन्य स्थानों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा एवं साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
गौतम बुद्ध नगर जिला जेल औचक निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न बैरकों का निरीक्षण किया। कैदियों के सामानों की भी तलाशी ली गई और जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को परखा गया। अधिकारियों ने जेल प्रशासन से व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी भी ली।
जेल प्रशासन के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान किसी भी बैरक या जेल परिसर के किसी स्थान से कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ।
जिला जज, पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी ने जेल कैंपस के साथ-साथ कार्यालय, मेस और अन्य स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने साफ-सफाई की व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल प्रशासन को व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने जेल की मेस का भी निरीक्षण किया। इस दौरान निर्देश दिए गए कि कैदियों को उपलब्ध कराया जाने वाला भोजन गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। अधिकारियों ने कहा कि खाने की गुणवत्ता की नियमित रूप से निगरानी की जाए, ताकि कैदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप भोजन मिल सके।
औचक निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बबिता पाठक, जेल अधीक्षक अरुण प्रताप सिंह, डिप्टी जेलर मुकेश प्रकाश, डिप्टी जेलर शिशिर कुशवाहा, डीसीपी साद मियां खान समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों के संयुक्त निरीक्षण के दौरान जेल की सुरक्षा, साफ-सफाई, बैरकों की स्थिति और कैदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

























