देश के जाने-माने यूट्यूबर और पत्रकार ध्रुव राठी हिरासत में ले लिए गए हैं। गुरुग्राम पुलिस ने शनिवार सुबह करीब 8 बजे यह बड़ी कार्रवाई की। खबर फैलते ही सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया और ध्रुव राठी के समर्थकों में गुस्सा देखा जा रहा है। हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ध्रुव राठी को हिरासत में लेने की वजह क्या है और उन पर किस मामले में कार्रवाई की गई है।
गुरुग्राम में सुबह-सुबह पुलिस का बड़ा एक्शन
सूचना के अनुसार, गुरुग्राम पुलिस ने शनिवार तड़के सुबह करीब 8 बजे ध्रुव राठी को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई उस वक्त की गई जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बड़े प्रदर्शन में कुछ घंटों का समय बाकी था। पुलिस सूत्रों के हवाले से माना जा रहा है कि यह कार्रवाई प्रदर्शन को लेकर की गई पूरी तैयारी का हिस्सा हो सकती है, लेकिन अधिकारियों की ओर से इस बात की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
बेंगलुरु में एसआईआर के खिलाफ किया था प्रदर्शन
गौर करने वाली बात यह है कि गुरुवार को ध्रुव राठी बेंगलुरु में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन में पहुंचे थे। इस प्रदर्शन में उन्होंने चुनावी मतदाता सूचियों के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन का विरोध किया था। एसआईआर को लेकर विपक्षी दल और कई सामाजिक संगठन लगातार सवाल उठा रहे हैं और इसके खिलाफ अलग-अलग शहरों में प्रदर्शन हो रहे हैं।
बेंगलुरु प्रदर्शन के बाद ध्रुव राठी दिल्ली में होने वाले विरोध कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी में थे, लेकिन जंतर-मंतर पहुंचने से पहले ही उन्हें गुरुग्राम में हिरासत में ले लिया गया।
इंस्टाग्राम पोस्ट से मचा था बवाल
दरअसल, शुक्रवार को ध्रुव राठी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी। इस पोस्ट में ध्रुव राठी ने केंद्र सरकार पर करारा हमला बोलते हुए लोगों से जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन में हिस्सा लेने को कहा था।
उनकी यह पोस्ट वायरल हो गई और लाखों लोगों तक पहुंच गई। माना जा रहा है कि इसी पोस्ट के बाद प्रशासन और पुलिस अलर्ट हो गई थी। हालांकि, इंस्टाग्राम पोस्ट और हिरासत के बीच सीधा संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
जाने कौन हैं ध्रुव राठी?
बता दें कि ध्रुव राठी भारत के सबसे लोकप्रिय यूट्यूबर्स में से एक हैं। उनके यूट्यूब चैनल पर करोड़ों सब्सक्राइबर हैं और वे फैक्ट-चेकिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक मुद्दों पर वीडियो बनाने के लिए जाने जाते हैं। हरियाणा के गुरुग्राम से ताल्लुक रखने वाले ध्रुव राठी हाल के सालों में कई बड़े सोशल-पॉलिटिकल मुद्दों पर अपनी आवाज़ उठाते रहे हैं और युवाओं के बीच उनकी काफी पकड़ है।
सोशल मीडिया पर मचा बवाल, समर्थकों में गुस्सा
ध्रुव राठी की हिरासत की खबर फैलते ही सोशल मीडिया पर ध्रुव राठी ट्रेंड करने लगा। उनके समर्थकों ने इस कार्रवाई को आवाज़ दबाने की कोशिश बताया है, वहीं कई लोग इसे कानून-व्यवस्था के तहत लिया गया सामान्य कदम भी बता रहे हैं। विपक्षी नेताओं ने भी इस मामले पर सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।



























