Delhi News: ’11 मई, 1998 केवल एक तारीख नहीं, बल्कि भारत के आत्मसम्मान, वैज्ञानिक शक्ति और राजनीतिक इच्छाशक्ति का प्रतीक है। तकनीक में पिछड़ने की कीमत भारत सदियों की गुलामी, अपमान और दमन के रूप में चुका चुका है। अब देश को किसी भी हाल में तकनीकी रूप से कमजोर नहीं पड़ना चाहिए।’ यह पक्का संकल्प दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस (नेशनल टेक्नोलॉजी डे) के अवसर पर जताया। उन्होंने छात्रों और शोधार्थियों से स्पष्ट कहा कि विज्ञान और तकनीक केवल विकास का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा, सम्मान और भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है।
पोखरण से लेकर आज तक की यात्रा
कुलपति ने कहा कि जब भी 11 मई की बात होती है तो सबसे पहले पोखरण-II और ‘ऑपरेशन शक्ति’ की याद आती है, जिसने भारत को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाया। उस समय भारत ने वैश्विक दबाव, प्रतिबंधों और चुनौतियों के बावजूद अपने वैज्ञानिक संकल्प को कमजोर नहीं होने दिया। उन्होंने इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि हमारे पूर्वजों में बहादुरी, रणनीति और सैन्य क्षमता की कमी नहीं थी, लेकिन आधुनिक तकनीक और हथियारों के मामले में पीछे रह जाना देश के लिए भारी पड़ा। भारत की सबसे बड़ी ऐतिहासिक भूल यह रही कि देश समय के साथ तकनीकी रूप से खुद को पर्याप्त मजबूत नहीं बना पाया।
‘बेग-बॉरो-स्टील’: तकनीक हासिल करने की सख्त नीति
प्रो. योगेश सिंह ने तकनीक हासिल करने के लिए एक आक्रामक रुख अपनाने की वकालत की। उन्होंने कहा कि अगर कोई तकनीक भारत में विकसित नहीं हो सकती तो उसे खरीदना चाहिए। अगर खरीदना संभव न हो तो सहयोग के जरिए हासिल करना चाहिए और अगर सभी रास्ते बंद हो जाएं तो देशहित में उसे प्राप्त करने के हर संभव प्रयास करने चाहिए। ‘Technology should always be on our side’ कहते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि विज्ञान और तकनीक के मामले में भारत को कभी भी आत्मसंतुष्ट या अज्ञानी नहीं होना चाहिए। आने वाला समय उन्हीं देशों का होगा जिनके पास उन्नत तकनीक और इनोवेशन की शक्ति होगी।
विकसित भारत 2047 का सपना और युवाओं की भूमिका
कुलपति ने बताया कि विकसित भारत 2047 का सपना केवल आर्थिक विकास से पूरा नहीं होगा, बल्कि उसके पीछे विज्ञान, रिसर्च और तकनीकी नवाचार की मजबूत नींव होनी चाहिए। भारत को 4 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था से 25 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था तक पहुंचाने में विज्ञान और तकनीक सबसे बड़ी भूमिका निभाएंगे। इस वर्ष की थीम ‘Responsible Innovation for Inclusive Growth’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों को इनोवेशन, ओरिजिनैलिटी और क्रिएटिविटी को अपनी शिक्षा संस्कृति का केंद्र बनाना होगा।
रक्षा और स्पेस टेक्नोलॉजी में भारत की बढ़ती ताकत पर गर्व जताते हुए उन्होंने बेंगलुरु की स्टार्टअप ‘GalaxEye’ का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि केवल 30 वर्षीय युवा CEO और उनकी टीम ने ‘दृष्टि’ नामक अत्याधुनिक सैटेलाइट विकसित किया है, जो नए भारत की वैज्ञानिक क्षमता और युवा शक्ति का प्रतीक है।
दिल्ली सरकार बनाएगी ‘इनोवेशन काउंसिल’: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
कार्यक्रम के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वीडियो संदेश के माध्यम से छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पोखरण परीक्षण से लेकर स्पेस टेक्नोलॉजी और वैक्सीन डेवलपमेंट तक भारत ने पूरी दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। विज्ञान और तकनीक का असली उद्देश्य लोगों के जीवन को आसान बनाना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार टेक्नोलॉजी ड्राइविंग गवर्नेंस पर लगातार काम कर रही है। यमुना सफाई, प्रदूषण नियंत्रण, ट्रैफिक और वेस्ट मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में डाटा बेस्ड सॉल्यूशन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके साथ ही, दिल्ली सरकार ‘साइंस, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन काउंसिल’ बनाने पर विचार कर रही है, ताकि राजधानी की स्थानीय समस्याओं के नवाचारी समाधान निकाले जा सकें। उन्होंने युवाओं से कहा कि उनके आईडिया और इनोवेशंस ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत बनने वाले हैं।
गौरतलब है कि यह कार्यक्रम दिल्ली विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ टेक्नोलॉजी और इंद्रप्रस्थ विज्ञान भारती के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र, शोधार्थी, वैज्ञानिक और शिक्षाविद शामिल हुए।



























