दिल्ली बनेगी ‘ड्रग फ्री’, LG संधू ने किया पहले नार्कोटिक्स थाने का ऐलान

Delhi News: उपराज्यपाल ने कहा कि आज सिर्फ जब्त किए गए मादक पदार्थों को नष्ट नहीं किया गया है, बल्कि यह उस पूरे नेटवर्क और मानसिकता को खत्म करने की ओर एक कदम है, जो युवाओं को बर्बाद कर रही है।

ड्रग माफियाओं के खिलाफ दिल्ली पुलिस का ‘ऑपरेशन कवच’ तेज

HIGHLIGHTS

  • 2027 तक नशामुक्त दिल्ली का मिशन, पुलिस ने नष्ट किए 1700 किलो ड्रग्स
  • दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन,  72 करोड़ की ड्रग्स जलाकर दिया सख्त संदेश
  • नशे के खिलाफ दिल्ली पुलिस की निर्णायक लड़ाई, 1700 किलो मादक पदार्थ नष्ट
  • ‘Say No to Drugs’: दिल्ली में चला अब तक का बड़ा ड्रग डिस्ट्रक्शन अभियान
  • 46,500 किलो ड्रग्स नष्ट, दिल्ली पुलिस ने दिखाई जीरो टॉलरेंस नीति
  • दिल्ली पुलिस का मेगा ऑपरेशन: करोड़ों की हेरोइन, चरस और कोकीन खत्म

Delhi News: दिल्ली को वर्ष 2027 तक पूरी तरह से नशामुक्त बनाने के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को पूरा करने के लिए दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच द्वारा आयोजित एक मेगा ड्रग डिस्ट्रक्शन इवेंट में लगभग 1700 किलोग्राम मादक पदार्थों को नष्ट किया गया, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 72 करोड़ रुपये आंकी गई है।

इस अवसर पर दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू और पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान उपराज्यपाल संधू ने दिल्ली में पहला विशेष नार्कोटिक्स थाना (ANTF पुलिस स्टेशन) स्थापित करने की घोषणा की, जिससे ड्रग तस्करों के खिलाफ कार्रवाई और प्रभावी हो सकेगी।

नशे के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’

उपराज्यपाल ने कहा कि आज सिर्फ जब्त किए गए मादक पदार्थों को नष्ट नहीं किया गया है, बल्कि यह उस पूरे नेटवर्क और मानसिकता को खत्म करने की ओर एक कदम है, जो युवाओं को बर्बाद कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘ड्रग फ्री इंडिया’ के विजन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने आम जनता से भी इस अभियान में सहयोग की अपील की।

2022 से अब तक 46,500 किलोग्राम ड्रग्स नष्ट

पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार को नष्ट किए गए ड्रग्स में 1610 किलोग्राम कैनबिस, 21 किलोग्राम चरस, 11 किलोग्राम हेरोइन, 591 ग्राम कोकीन और 30 किलोग्राम अल्प्राजोलम टैबलेट शामिल थे। ये सभी क्राइम ब्रांच और दक्षिणी जिले द्वारा जब्त किए गए थे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 से अब तक चलाए जा रहे अभियान के तहत कुल 46,500 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट किए जा चुके हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 13,830 करोड़ रुपये है।

2026 के आंकड़ों में 1397 गिरफ्तारियां

स्पेशल सीपी (एएनटीएफ) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ष 2026 में 30 अप्रैल तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 1129 मामले दर्ज किए गए हैं और 1397 ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। वित्तीय जांच के दौरान 11.25 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है। इसके अलावा, पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत नौ तस्करों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। ड्रग्स तस्करों पर ‘ऑपरेशन कवच’ और अन्य विशेष अभियानों के तहत लगातार कार्रवाई जारी है।

जनता से अपील: ‘Say No to Drugs’

पुलिस आयुक्त ने जनवरी 2025 में लॉन्च किए गए ‘MANAS पोर्टल’ का जिक्र किया। आम लोग हेल्पलाइन नंबर 1933 पर 24 घंटे गुप्त रूप से ड्रग्स तस्करों की सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उन्हें पुरस्कार भी दिया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने “Say No to Drugs, Yes to Life” और “मेरे सपनों की दिल्ली, नशामुक्त दिल्ली” का संदेश देते हुए नागरिकों से इस मुहिम में शामिल होने की अपील की।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now