दिल्ली:महंगाई से टूटा सब्र, डिलीवरी बॉय और राइडर्स सड़कों पर

Delhi News: कालकाजी इलाके के ऑनलाइन डिलीवरी वर्कर ने अपना दर्द बयान करते हुए कहा कि दिन प्रतिदिन महंगाई बढ़ता जा रहा है। पेट्रोल के दाम में भी इजाफा हो गया है, लेकिन हम लोग आज भी पुराने रेट पर डिलीवरी करने को मजबूर हैं।

दिल्ली में गिग वर्कर्स की हड़ताल, 20 रुपये प्रति किलोमीटर की मांग

HIGHLIGHTS

  • पेट्रोल-डीजल की मार, दिल्ली में हजारों गिग वर्कर्स हड़ताल पर
  • 10 घंटे काम फिर भी कमाई कम, गिग वर्कर्स ने खोला मोर्चा
  • दिल्ली में ऑनलाइन डिलीवरी सेवाएं प्रभावित, राइडर्स की बड़ी हड़ताल
  • “30 रुपये में नहीं चलेगा काम”, गिग वर्कर्स की कंपनियों को चेतावनी
  • धूप-बारिश में मेहनत, फिर भी कम वेतन; दिल्ली में गिग वर्कर्स नाराज

Delhi News: पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, घटती कमाई और लंबे कामकाजी घंटों से त्रस्त दिल्ली के गिग वर्कर्स (Gig Workers) ने रविवार को कमर कस ली है। महंगाई के बढ़ते दबाव में उनका सब्र टूट चुका है, जिसके चलते ऑनलाइन फूड डिलीवरी और राइड-शेयरिंग कंपनियों से जुड़े हजारों डिलीवरी बॉय और राइडर्स आज हड़ताल पर हैं। उनकी मुख्य मांग है कि डिलीवरी और राइड के लिए न्यूनतम 20 रुपये प्रति किलोमीटर का रेट तय किया जाए।

हड़ताल का असर सुबह से ही दिल्ली के कई इलाकों में देखने को मिला, जहां डिलीवरी सेवाएं ठप्प पड़ गईं और लोगों को उनका सामान समय पर नहीं मिल पाया। कालकाजी समेत कई इलाकों में गिग वर्कर्स ने अपना विरोध जताया और बताया कि 10-12 घंटे काम करने के बावजूद उनकी कमाई इतनी नहीं हो पा रही है कि वे अपने परिवार का खर्च, वाहन की मेंटेनेंस और बढ़ती महंगाई का बोझ उठा सकें।

पुराने रेट पर काम करने को मजबूर

कालकाजी इलाके के ऑनलाइन डिलीवरी वर्कर ने अपना दर्द बयान करते हुए कहा कि दिन प्रतिदिन महंगाई बढ़ता जा रहा है। पेट्रोल के दाम में भी इजाफा हो गया है, लेकिन हम लोग आज भी पुराने रेट पर डिलीवरी करने को मजबूर हैं। 5 किलोमीटर की डिलीवरी पर हमें महज 30 से 32 रुपया मिलता है। हमारी मांग है कि कम से कम 20 रुपये प्रति किलोमीटर चार्ज बढ़ाया जाए। 10 से 12 घंटे की ड्यूटी के बाद भी मेंटेनेंस और परिवार का खर्च नहीं निकल पा रहा है।

जोखिम और मेहनत के बाद भी कम वेतन

डिलीवरी बॉय ने बताया कि उनका काम आसान नहीं है। ऑर्डर देने वाले अक्सर तीसरी-चौथी मंजिल पर रहते हैं, जहां सीढ़ियां चढ़कर सामान पहुंचाना पड़ता है, लेकिन इसके बावजूद भुगतान वही मिलता है जो पहले तय था। उन्होंने कहा कि महंगाई बढ़ी हुई है, दिन भर में इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज करने के ही 250 रुपये लग जाते हैं। ऐसे में बताइए हम लोग कैसे सर्वाइव कर पाएंगे? हम चाहते हैं कि कम से कम 20 रुपये प्रति डिलीवरी चार्ज बढ़ा दिया जाए।

धूप, बारिश और ठंड में काम, लेकिन सुरक्षा नहीं

एक अन्य वर्कर अरविंद कुमार ने सवाल उठाया कि अगर रेट नहीं बढ़ाया गया तो वे अपने परिवार का पालन-पोषण कैसे करेंगे। उन्होंने कहा कि धूप में, बरसात में और ठंड में हम लोग दिन-रात लोगों के लिए काम करते हैं। लेकिन हमें 5 किलोमीटर चलने पर महज 30-32 रुपये मिलते हैं, जबकि प्रति किलोमीटर कम से कम 20 रुपये होना चाहिए।

बिगड़ता आर्थिक समीकरण

गौरतलब है कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने गिग वर्कर्स के घरेलू बजट का पूरी तरह से गणित बिगाड़ दिया है। हाल के दिनों में पेमेंट स्ट्रक्चर में किए गए बदलावों के बाद 7-8 घंटे काम करने के बावजूद उनकी कमाई में भारी गिरावट आई है। ये वर्कर्स असंगठित क्षेत्र में आते हैं, जिस कारण उन्हें कोई निश्चित वेतन, दुर्घटना बीमा या सामाजिक सुरक्षा का लाभ नहीं मिलता। जोखिम भरे हालात में काम करने के बावजूद उन्हें न तो पर्याप्त भुगतान मिल रहा है और न ही किसी तरह की सुरक्षा। सभी ऐप कंपनियों से डिलीवरी और राइड के लिए न्यूनतम 20 रुपये प्रति किलोमीटर का रेट तय करने की मांग को लेकर यह हड़ताल आज दिल्ली में जारी है।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now