Delhi News: दिल्ली पुलिस ने पिछले कई दिनों से पीतमपुरा और केशवपुरम इलाकों में दहशत पैदा करने वाले ‘मिस्ट्री मैन’ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 55 वर्षीय अजय बग्गा के रूप में हुई है। यह शख्स दिनदहाड़े लोगों के घरों की घंटी बजाता था और जैसे ही कोई दरवाजा खोलता, दरांती (चापड़) से हमला करने की कोशिश करता था।
ऐसे दबोचा गया आरोपी
बीते दिनों इस ‘मिस्ट्री मैन’ के सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे, जिसके बाद पुलिस ने मामले को लेकर संज्ञान लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर जिला पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आकांक्षा यादव की निगरानी में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। लगातार छापेमारी और ट्रैकिंग के बाद पुलिस ने अजय बग्गा को गिरफ्तार कर लिया।
8 मई की घटना ने बढ़ाई थी दहशत
पुलिस के मुताबिक, 8 मई को केशवपुरम इलाके में हुई घटना ने लोगों में काफी डर पैदा कर दिया था। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि आरोपी सी-3 ब्लॉक में छह से आठ घरों की घंटियां बजाता है। जब किसी घर से जवाब नहीं मिला, तो वह दूसरी मंजिल पर स्थित एक मकान पर पहुंचा। जैसे ही एक महिला ने दरवाजा खोला, आरोपी ने खुद को मैकेनिक बताकर अंदर घुसने की कोशिश की।
इतना ही नहीं, कुछ सेकंड बाद उसने अपने बैग से एक बड़ा धारदार चापड़ निकाल लिया। महिला के शोर मचाने पर आरोपी घबरा गया और उसे धक्का देकर वहां से भाग निकला। भागते समय उसने पास के पार्क में हथियार फेंक दिया। आरडब्ल्यूए (RWA) अध्यक्ष आरके गुलाटी ने बताया कि एक महिला ने शक होने पर समझदारी से दरवाजा तुरंत बंद कर लिया, जिससे बड़ी घटना टल गई।
पहले भी कर चुका है वारदात
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि यह उसकी पहली वारदात नहीं थी। इससे पहले 21 अप्रैल को पीतमपुरा के मौर्य एन्क्लेव इलाके में भी उसने ऐसी ही घटना को अंजाम दिया था। आरोप है कि आरोपी एक परिचित के घर में दाखिल हुआ और वहां मौजूद एक किशोर को धारदार हथियार दिखाकर बंधक बना लिया। इसके बाद वह वहां से करीब चार लाख रुपये नकद और लगभग 25 लाख रुपये के सोने के गहने लूटकर फरार हो गया था।
AC और RO मैकेनिक बनकर घुसता था घरों में
पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी अपनी पहचान छुपाने के लिए खुद को एसी और आरओ (RO) रिपेयर मैकेनिक बताकर लोगों के घरों में घुसता था। घर के अंदर जाने के बाद वह मौका मिलते ही चोरी या लूट की वारदात को अंजाम देता था। पुलिस को शक है कि उसने दिल्ली के अन्य इलाकों में भी इसी तरह की घटनाएं की होंगी। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वह अकेले काम करता था या उसके साथ और भी लोग शामिल थे।


























