ऋषी तिवारी
Delhi News : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विस्तृत बैठक की। इस मुलाकात के दौरान ईरान-इजराइल युद्ध जैसी वैश्विक तनावपूर्ण स्थिति, देश की आंतरिक स्थिति और महाराष्ट्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर गहन चर्चा की गई।
नारे नहीं, बल्ले-बल्ले के समर्थन का आश्वासन
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उपमुख्यमंत्री शिंदे ने प्रधानमंत्री को आश्वस्त किया कि युद्ध जैसी संकटपूर्ण परिस्थितियों में एनडीए के एक विश्वसनीय सहयोगी के रूप में शिवसेना पीएम मोदी की भूमिका और फैसलों का पूर्ण समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी देश के साथ खड़ी है।
यह भी पढ़ें : दिल्ली: रेलवे प्रशासन के दावों पर उठे सवाल
विपक्ष पर ‘राष्ट्रविरोधी’ राजनीति का आरोप
इस दौरान शिंदे ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, ”खाड़ी क्षेत्र में युद्ध जैसी स्थिति के दौरान भारत में झूठा प्रचार कर राजनीति करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और राष्ट्रविरोधी है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता पाकिस्तान में सुर्खियां बटोरने के लिए बयान दे रहे हैं। शिवसेना प्रमुख ने बालासाहेब ठाकरे का हवाला देते हुए कहा कि उनके लिए ‘देश पहले, राजनीति बाद में’ का सिद्धांत था और पार्टी आज भी उसी राह पर चल रही है।
गैस कमी की अफवाहों को किया खारिज
शिंदे ने विपक्ष पर युद्ध जैसी स्थिति का राजनीतिक लाभ उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस और अन्य दल देश में गैस की कमी की अफवाहें फैला रहे हैं, जिससे कालाबाजारी को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महाराष्ट्र में कहीं भी गैस सिलेंडर की कमी नहीं है और सरकार इस मामले में पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उदाहरण देते हुए कहा कि तब भी विपक्ष ने इसी तरह की राजनीति की थी। शिवसेना के सांसदों को संसद में इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।
नागरिकों की सुरक्षित वापसी और तेल जहाजों का आभार
प्रधानमंत्री को ब्रीफिंग देते हुए शिंदे ने बताया कि युद्ध के कारण कुवैत, दुबई और मस्कट में फंसे महाराष्ट्र के नागरिकों को सुरक्षित रूप से मुंबई और पुणे वापस लाया गया है। साथ ही, हॉर्मुज जलडमरूमध्य से तेल लेकर आने वाले दो जहाज भी सुरक्षित भारत पहुंचे हैं। उन्होंने कोविड काल से खाड़ी देशों के साथ पीएम मोदी द्वारा बनाए गए अच्छे संबंधों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें : दिल्ली रेलवे स्टेशनों पर ‘5 मिनट छोड़ने’ का भी चार्ज, आम जनता में बढ़ता आक्रोश
बता दें कि इस अवसर पर उन्होंने यह भी जानकारी दी कि डॉ. ज्योति वाघमारे राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुनी गई हैं। उन्होंने बताया कि ज्योति उच्च शिक्षित हैं और गरीबों के मुद्दों की अच्छी समझ रखती हैं। इस बैठक में शिवसेना संसदीय दल के नेता डॉ. श्रीकांत शिंदे, सांसद नरेश म्हस्के, मिलिंद देवड़ा, धैर्यशील माने, श्रीरंग बारणे और रवींद्र वायकर सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।



















