Delhi News: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से तस्करी कर लाया गया करीब 24 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का गांजा जब्त किया है। इस मामले में तीन अलग-अलग यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए कुल मादक पदार्थ का वजन 24 किलोग्राम से ज्यादा है।
कस्टम विभाग के अनुसार, यह तीनों मामले अलग-अलग दिनों (3 मई, 4 मई और 6 मई) में सामने आए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज करके गिरफ्तार किया गया है।
सबसे बड़ी बरामदगी: उज्बेकिस्तान के नागरिक से 18 किलो गांजा
इन तीनों मामलों में सबसे बड़ी बरामदगी 4 मई को हुई। विशेष खुफिया सूचना के आधार पर कस्टम अधिकारियों ने बैंकॉक से आए एक उज्बेकिस्तान नागरिक को इंटरनेशनल ट्रांजिट एरिया से हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके समुद्री हरे रंग के ट्रॉली बैग से 12 पॉलीथिन पाउच बरामद हुए, जिनमें भारी मात्रा में संदिग्ध गांजा छिपाकर रखा गया था। बरामद गांजे का वजन 18.003 किलोग्राम है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 18 करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोपी को 5 मई को आधिकारिक रूप से गिरफ्तार किया गया।
ग्रीन चैनल पर रोका गया भारतीय यात्री, 5.46 किलो जब्त
दूसरा मामला 6 मई का है। कस्टम की प्रोफाइलिंग के आधार पर बैंकॉक से दिल्ली पहुंचे एक भारतीय यात्री को ग्रीन चैनल पर रोक लिया गया। एक्स-रे और बैगेज जांच के दौरान उसके काले रंग के ट्रॉली बैग से 11 पॉलीथिन पाउच मिले, जिनमें हरे रंग का गांजा भरा हुआ था। इस मादक पदार्थ का वजन 5.467 किलोग्राम और अनुमानित कीमत लगभग 5.46 करोड़ रुपये है।
तीसरा मामला: तीन मई को 977 ग्राम गांजा पकड़ा गया
इस सिलसिले का पहला मामला 3 मई को सामने आया था। बैंकॉक से टर्मिनल-3 पर पहुंचे एक अन्य भारतीय यात्री को संदेह के आधार पर रोका गया। उसके सामान की तलाशी में चार पॉलीथिन पाउच बरामद हुए, जिनमें करीब 977 ग्राम गांजा था। फील्ड टेस्ट में इसकी पुष्टि होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इस बरामदगी की कीमत करीब 97.77 लाख रुपये बताई गई है।






















