Delhi News: दिल्ली में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान तेज हो गया है। द्वारका जिले की पुलिस और एएटीएस (ATS) ने संयुक्त रूप से एक ‘डबल एनकाउंटर’ को अंजाम देते हुए डाबड़ी इलाके में हुए खूनी चाकूबाजी और हत्या कांड के दो खूंखार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान उनके पैर में गोली मारकर धर दबोचा है।
डाबड़ी कांड ने डाला था दहशत का साया
दरअसल, 29 और 30 मार्च की देर रात द्वारका के डाबड़ी इलाके में कुछ ही मिनटों के अंतराल में दो अलग-अलग चाकूबाजी की घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। इन वारदातों में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी और पूरी रात ऑपरेशन चलाकर इस सफलता को हासिल किया गया।

यह भी पढ़ें : महावीर जयंती पर समझें जीवन को दिशा देने वाले पंचशील सिद्धांत
पहला एनकाउंटर: एएटीएस ने दबोचा ‘प्रेम उर्फ हिमांशु’
पुलिस को सूचना मिली कि 29 मार्च को हत्या कांड में शामिल आरोपी प्रेम उर्फ हिमांशु नजफगढ़ की तरफ से आ रहा है। इस पर एएटीएस की टीम ने ओल्ड नजफगढ़ ट्रेन रोड (ककरोला रोड) पर नाकाबंदी कर उसे घेर लिया। पुलिस ने जब उसे हथियार डालकर सरेंडर करने को कहा, तो बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके दाहिने पैर में गोली मार दी, जिससे वह घायल होकर धराशायी हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
दूसरा एनकाउंटर: स्पेशल स्टाफ ने पकड़ा ‘रोहित उर्फ नोएडा’
इसी बीच द्वारका की स्पेशल स्टाफ ने दूसरी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने एक वांटेड क्रिमिनल रोहित उर्फ नोएडा को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया। रोहित 29 मार्च को द्वारका में हुई हत्या और हत्या के प्रयास के मामले में सर्चिंग में था। ऑपरेशन के दौरान उसने पुलिस का विरोध किया, जिसके बाद पुलिस ने उसके पैर में गोली मारकर उसे काबू किया। रोहित ने अपने साथी के साथ मिलकर धारदार हथियार का इस्तेमाल करके इस वारदात को अंजाम दिया था।
डीसीपी ने दिया सख्त संदेश
इस पूरे ऑपरेशन पर द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने कहा कि अपराध के प्रति हमारी नीति जीरो टॉलरेंस है। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और हर हाल में कानून का राज कायम रखा जाएगा।डीसीपी ने आगे कहा कि इन डबल एनकाउंटर का मकसद सिर्फ अपराधियों को एक साफ संदेश देना है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आप दिल्ली में रहना चाहते हैं, तो अपराध छोड़ना होगा। अन्यथा ऐसे एनकाउंटर का सिलसिला जारी रहेगा और पुलिस किसी को नहीं बख्शेगी। वर्तमान में दोनों घायल अपराधियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच पूछताछ की जा रही है।





















