दिल्ली: ‘घर बैठे अमीर बनो’ स्कीम निकली ठगी, 14 गिरफ्तार

Delhi News: छापेमारी के दौरान पुलिस ने 18 मोबाइल फोन, 19 सिम कार्ड, 3 एटीएम कार्ड, 4 चेकबुक, 2 मुहरें और एक लैपटॉप बरामद किया है। जांच में कई बैंक खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन का पता चला है।

Delhi News: दिल्ली में 8 करोड़ की साइबर ठगी का भंडाफोड़, 14 आरोपी गिरफ्तार

HIGHLIGHTS

  • घर बैठे नौकरी का झांसा देकर 8 करोड़ ठगने वाला गैंग गिरफ्तार
  • दिल्ली पुलिस ने खोला हाई सैलरी पार्ट-टाइम जॉब फ्रॉड का राज
  • टेलीग्राम और फर्जी टास्क से लोगों को बनाते थे शिकार
  • DingSMS ऐप से OTP हैक कर उड़ाते थे पैसे
  • होटल बदल-बदलकर चल रहा था साइबर ठगी का नेटवर्क

Delhi News: दिल्‍ली पुलिस की शाहदरा जिला साइबर थाना टीम ने बेरोजगारी और घर बैठे अमीर बनने की चाहत का फायदा उठाकर करोड़ों की ठगी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। ‘वर्क फ्रॉम होम’ और ‘हाई सैलरी पार्ट-टाइम जॉब’ के नाम पर देशभर से करीब 8 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले इस गिरोह के मास्टरमाइंड समेत 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

कैसे पड़ी पुलिस को सुराग?

पुलिस के मुताबिक, 25 अप्रैल 2026 को गीता कॉलोनी स्थित गोल्डन पेटल होटल में संदिग्ध गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद एसीपी (ऑप्स) मोहिंदर सिंह के मार्गदर्शन और एसएचओ विजय कुमार के नेतृत्व में इंस्पेक्टर श्वेता शर्मा की टीम गठित की गई। टीम ने होटल के अलग-अलग कमरों में छापेमारी की, जहां मौजूद 12 संदिग्ध पुलिस को देखकर घबरा गए। पूछताछ में उन्होंने खुद को संगठित साइबर ठगी सिंडिकेट का हिस्सा बताया। आगे की कार्रवाई में पंजाब के लुधियाना से इस गिरोह के मास्टरमाइंड प्रदीप उर्फ अल्फा और उसके साथी गवी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

कैसे काम करता था गिरोह? जानें इसका ‘मॉड्यूलस ओपेरेंडी’

जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और जॉब पोर्टल्स के जरिए लोगों को घर बैठे कमाई का लालच देते थे। इस गिरोह की कार्यप्रणाली कुछ इस तरह थी:

  • प्लेटफॉर्म बदलना: शुरुआती बातचीत के बाद वे पीड़ितों को व्हाट्सएप से टेलीग्राम पर ले जाते थे ताकि पुलिस की निगरानी से बच सकें।
  • भरोसा जीतना: पहले छोटे-छोटे टास्क देकर कुछ पैसे ट्रांसफर किए जाते थे, जिससे लोगों का भरोसा जीता जाता था।
  • फंसाना: भरोसा जीतने के बाद रजिस्ट्रेशन फीस, सिक्योरिटी डिपॉजिट और निवेश के नाम पर लाखों रुपये अलग-अलग बैंक खातों में जमा करा लिए जाते थे।
  • OTP हैकिंग: सबसे खौफनाक तरीका यह था कि गिरोह DingSMS जैसे मोबाइल ऐप्स का इस्तेमाल कर पीड़ितों के फोन पर आने वाले OTP तक इंटरसेप्ट (हैक) कर लेता था।
  • कुरियर से आते थे फर्जी फोन: मास्टरमाइंड प्रदीप लुधियाना से APK फाइल वाले मोबाइल फोन कुरियर के जरिए दिल्ली भेजता था, जिनका इस्तेमाल फर्जी ट्रांजेक्शन में किया जाता था।

एक खाते में 1.5 करोड़ रुपये से जुड़ी 40 शिकायतें

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 18 मोबाइल फोन, 19 सिम कार्ड, 3 एटीएम कार्ड, 4 चेकबुक, 2 मुहरें और एक लैपटॉप बरामद किया है। जांच में कई बैंक खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन का पता चला है। पुलिस को यह जानकर हैरत हुई कि महज एक बैंक खाते में 1.5 करोड़ रुपये से जुड़ी 40 शिकायतें दर्ज मिलीं। वहीं, एक आरोपी के एटीएम कार्ड से 3 करोड़ रुपये की ठगी का संबंध सामने आया है।

पुलिस की आगे की कार्रवाई

डीसीपी शाहदरा आर.पी. मीणा ने बताया कि गिरोह लगातार होटल बदलकर अपना ठिकाना शिफ्ट करता रहता था, ताकि पुलिस उन तक न पहुंच सके। वर्तमान में पुलिस मनी ट्रेल और गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश में जुटी है। साथ ही, यह भी गहराई से जांच की जा रही है कि ठगी की इतनी बड़ी रकम कहीं विदेशों में तो नहीं भेजी गई है।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now