Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) के दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों को बड़ी राहत दी है। एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित एक समारोह में सीएम रेखा गुप्ता ने अनुकंपा के आधार पर नियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र और संविदा कर्मचारियों को मेडिकल हेल्थ कार्ड वितरित किए। इस अवसर पर दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज, एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा, उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पार्षद मौजूद रहे।
109 परिवारों को मिली नई उम्मीद
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि एनडीएमसी केवल एक संस्था नहीं, बल्कि एक परिवार है। उन्होंने कहा कि एनडीएमसी के निरंतर प्रयासों से आज 109 परिवारों को अनुकंपा नियुक्ति के रूप में नई उम्मीद मिली है। यह केवल नौकरी नहीं है, बल्कि परिवारों के भविष्य को संबल देने वाला जीवनभर का सहारा है।
खास बात यह रही कि नियुक्ति प्राप्त करने वालों में लगभग 90 महिलाएं शामिल हैं। सीएम ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी चयनित अभ्यर्थी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हुए ‘विकसित भारत, विकसित दिल्ली’ के संकल्प को मजबूत करेंगे।
एनडीएमसी कर्मचारी राजधानी की छवि को बेहतर बनाने में अहम
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीएमसी क्षेत्र देश की प्रशासनिक और लोकतांत्रिक व्यवस्था का केंद्र है। यहां कार्यरत कर्मचारी राजधानी की छवि को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ये नियुक्ति पत्र दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को आत्मनिर्भर बनने, सम्मानपूर्वक जीवन जीने और भविष्य को नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ाने का सशक्त संबल प्रदान करेगी।
Chief Minister Smt. Rekha Gupta today handed over appointment letters to the families and dependents of deceased NDMC employees, a step that will help them move forward with dignity, self-reliance and renewed confidence for the future.
Medical Health Cards under the Liberalised… pic.twitter.com/wMDnBvSYvf
— CMO Delhi (@CMODelhi) May 15, 2026
संविदा कर्मचारियों को मिलेगा मुफ्त इलाज का लाभ
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने उदारीकृत चिकित्सा स्वास्थ्य योजना (LMHS) के तहत विभिन्न श्रेणियों में कार्यरत संविदा कर्मचारियों को मेडिकल हेल्थ कार्ड भी वितरित किए। इस योजना के तहत, कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य सूचीबद्ध अस्पतालों और निदान केंद्रों में बिना किसी शुल्क के इलाज का लाभ उठा सकेंगे।
‘वोट बैंक की राजनीति नहीं, जिम्मेदारी की राजनीति’
दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने इस पहल को वोट प्राप्त करने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि जनता एवं समाज के प्रति सरकार की जिम्मेदारियों को पूरा करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने विभिन्न कारणों से ये काम नहीं किया, लेकिन वर्तमान सरकार कर्मचारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
जनसेवा में योगदान की अपील
एनडीएमसी उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि यह कदम सरकार की कर्मचारियों के कल्याण के प्रति संवेदनशीलता दर्शाता है। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि वे पूर्ण ईमानदारी और निष्ठा के साथ जनसेवा में योगदान दें। साथ ही, उन्होंने सभी नागरिकों से सार्वजनिक परिवहन, ऊर्जा संरक्षण और डिजिटल कार संस्कृति को अपनाकर एक स्वच्छ, हरित एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।






















