UP News: उत्तर प्रदेश पुलिस में शामिल होने वाली नई महिला सिपाहियों ने लखनऊ स्थित पुलिस लाइन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सलामी दी और प्रदेश में हुई 62,244 सिपाही भर्ती के बाद आज 112 ट्रेनिंग सेंटरों पर ‘आरक्षी दीक्षांत परेड’ का आयोजन किया गया। इस दौरान सीएम योगी ने खुली जीप में बैठकर परेड का निरीक्षण किया और महिला कांस्टेबल्स का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस बल को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। यहां हैं उनके भाषण की प्रमुख बिंदु:
वर्दी की सबसे बड़ी ताकत है अनुशासन
सीएम योगी ने नए सिपाहियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्दी की सबसे बड़ी ताकत ‘अनुशासन’ होता है। उन्होंने कहा कि इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि प्रशिक्षण के दौरान हम जितना पसीना बहाएंगे, हमें बाद में फील्ड में उतना ही कम खून बहाना पड़ेगा। उन्होंने महिला सिपाहियों के अनुशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने जिस कायदे और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण हासिल किया है, वह काफी सराहनीय है।
अपराधियों पर लगाम और आधुनिक हथियारों का प्रशिक्षण
यूपी पुलिस को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसको लेकर सीएम ने कहा कि हमने इस बार सिपाहियों को पुरानी .303 राइफल के बजाय आधुनिक इंसास राइफल से प्रशिक्षण दिया है। लगातार संसाधनों में बढ़ोतरी की जा रही है, जिससे अपराधियों पर कड़ी नकेल कसी जा रही है।
फील्ड ड्यूटी के लिए सीएम की खास सलाह
नए सिपाहियों को अब जल्द ही फील्ड (जनपदों) में ड्यूटी करनी है। उन्हें सलाह देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि फील्ड में ड्यूटी के दौरान अपराधियों के साथ जितना कठोर होने की जरूरत है, आम आदमियों के साथ उतनी ही संवेदनाएं रखनी चाहिए। कानून अपराधी के लिए जितना कठोर हो, नागरिकों के प्रति उसे उतना ही संवेदनशील भी होना चाहिए।
2017 से पहले होते थे दंगे, अब यूपी पुलिस रोक रही नापाक कोशिशें
बता दें कि सुरक्षा व्यवस्था में आए बदलाव को रेखांकित करते हुए सीएम ने कहा कि 2017 के पहले जिस प्रदेश में दंगे होते थे, महीनों-महीनों तक कर्फ्यू रहता था और कोई भी अपने आप को सुरक्षित नहीं महसूस करता था, आज हम सब देख सकते हैं कि दंगे को होने से पहले ही रोकने में उत्तर प्रदेश पुलिस पूरी तरह सफल है।
महिला पुलिस बल में आया जबरदस्त उछाल
सीएम ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के बेहतरीन परिणाम सामने आए हैं। उत्तर प्रदेश में महिला कार्यबल का प्रतिशत 13% से बढ़कर अब 36% से अधिक हो गया है। उन्होंने कहा कि यूपी पुलिस बल आज केवल पुलिस प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की आर्थिक प्रगति की रीढ़ की हड्डी के रूप में भी खड़ा है, जिसका नतीजा है कि प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश देखने को मिल रहा है।


























