UP News: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे लाखों युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बड़ा ऐलान करते हुए साफ किया है कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश पुलिस में करीब 1 लाख नई भर्तियां की जाएंगी। इस घोषणा से प्रदेश के युवाओं में जबरदस्त उत्साह का माहौल है।
यह बड़ा ऐलान सीएम योगी ने पुलिस दूरसंचार विभाग के 936 चयनित परिचालकों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के दौरान किया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी क्रम में यह बड़ा कदम उठाया जा रहा है।
9 सालों में पूरी हुई 2.20 लाख भर्तियां
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पिछले वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बीते 9 वर्षों में यूपी पुलिस में 2 लाख 20 हजार से अधिक कर्मियों की भर्ती पारदर्शिता और गति के साथ पूरी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि जब नीयत साफ होती है, नीति स्पष्ट होती है और काम करने की इच्छाशक्ति मजबूत होती है, तब परिणाम भी दिखते हैं। यह सिर्फ संख्या नहीं है, बल्कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में यूपी पुलिस ने खुद को एक नई पहचान दी है।
कानून-व्यवस्था से जुड़ा विकास का फॉर्मूला
सीएम योगी ने कानून व्यवस्था को विकास की पहली शर्त करार दिया। उन्होंने कहा कि आज यूपी में कानून का राज स्थापित है, जिसका सीधा असर राज्य की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण ही देश और विदेश के निवेशक प्रदेश में निवेश के लिए आगे आ रहे हैं। आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास और उद्योगों को अनुकूल माहौल मिलने में पुलिस की भूमिका सबसे अहम रही है।
तकनीक और खेल पर योगी सरकार का फोकस
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस व्यवस्था में कम्युनिकेशन (संचार) की अहमियत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर कम्युनिकेशन सिस्टम से पुलिस अपराध नियंत्रण में और अधिक तेजी व सटीकता से काम कर पाएगी, जिससे आम नागरिकों को राहत मिलेगी।
इसके साथ ही सीएम ने यूपी पुलिस की एक खास पहचान और अनोखी पहल का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि यूपी देश का पहला ऐसा राज्य है, जिसने 500 से अधिक कुशल खिलाड़ियों को पुलिस बल में शामिल किया है। इसका सकारात्मक असर खेल के मैदान में भी देखने को मिल रहा है और यूपी पुलिस के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
युवाओं को अभी से करनी होगी तैयारी
हालांकि, 1 लाख भर्तियों के पदों का विस्तृत विवरण, शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा और आवेदन प्रक्रिया की तारीखों को लेकर अभी आधिकारिक अधिसूचना (Official Notification) का इंतजार है। लेकिन मुख्यमंत्री के इस स्पष्ट संकेत ने युवाओं के लिए ‘अलर्ट’ जैसा हालात पैदा कर दिया है। जो भी युवा यूपी पुलिस में अपनी जगह बनाना चाहते हैं, उन्हें अभी से ही शारीरिक और लिखित परीक्षा की तैयारी जोर-शोर से शुरू कर देनी चाहिए।
























