Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नवरात्रि के पावन अवसर पर ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए एक सराहनीय पहल की है। सीएम ने बजट 2026-27 में किए गए ऐलान के अनुसार पीतमपुरा स्थित सर्वोदय विद्यालय में स्कूली छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। इस अवसर पर छात्राओं ने खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री को ‘थैंक्यू सीएम मैम’ कहकर धन्यवाद दिया।
नवरात्रि में खास तोहफा
शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के सर्वोदय विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में ‘कन्या पूजन’ और साइकिल वितरण का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस मौके पर लगभग 1000 छात्राओं को साइकिलें भेंट कीं। उनका उद्देश्य छात्राओं को रोजमर्रा की आवागमन की परेशानियों और भीड़भाड़ से राहत देना है, ताकि वे बिना किसी दिक्कत के अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
सीएम ने क्या कहा?
कार्यक्रम के दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि हमने देखा है कि अक्सर लड़कियों को घर से स्कूल आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इन साइकिलों की मदद से, अब लड़कियां बिना किसी परेशानी के अपने घर और स्कूल के बीच सफर कर सकेंगी। यह कदम उनकी राह में आने वाली बाधाओं को दूर करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।
यह भी पढ़ें : ग्रेटर नोएडा: मोमोज बना ‘जहर’, एक ही दुकान से खाने के बाद 12 लोग बीमार
बजट का आवंटन और लक्ष्य
दिल्ली सरकार ने इस योजना के लिए अपने बजट 2026-27 में 90 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसके तहत कक्षा 9 की लगभग 1,30,000 छात्राओं को मुफ्त साइकिलें दी जाएंगी, जिससे उनके स्कूल पहुंचने का सफर आसान और सुरक्षित होगा।
छात्राओं और अभिभावकों ने की सराहना
साइकिलें पाकर छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। छात्राओं ने कहा कि पहले उन्हें बसों और रिक्शों की भीड़ का सामना करना पड़ता था, जिससे स्कूल लेट होने का डर बना रहता था। अब साइकिल से वे समय पर स्कूल पहुंच सकेंगी। वहीं, अभिभावकों ने भी इस पहल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, समय की बचत होगी और रोजाना के यात्रा खर्च में कमी आने से आर्थिक राहत भी मिलेगी।
अधिकारियों ने दी जानकारी
रीजनल डायरेक्टर एजुकेशन विकास कालिया ने बताया कि सीएम रेखा गुप्ता ने अपनी विधानसभा के चिन्हित स्कूलों में नौवीं पास छात्राओं को बुलाकर उन्हें साइकिलें भेंट की। यह पहल न केवल छात्राओं की सुविधा सुनिश्चित करेगी, बल्कि शिक्षा और महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित होगी।





















