Delhi News: देश में बढ़ते वृद्धाश्रमों और नई पीढ़ी में संस्कारों के क्षरण को देखते हुए केन्द्रीय आर्य युवक परिषद् ने एक बड़े अभियान का ऐलान किया है। परिषद् की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को आर्य समाज अशोक विहार (फेज-1), दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल आर्य की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी ग्रीष्मावकाश के दौरान युवाओं को ‘मातृ-पितृ भक्त, ईश्वर भक्त और देशभक्त’ बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
वृद्धाश्रमों पर जताई गहरी चिंता
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल आर्य ने कहा कि आज चरित्रवान, संस्कारित और सुसंस्कारित युवाओं का निर्माण करना परिषद् की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने एक गंभीर मुद्दा उठाते हुए कहा, “आज देश में वृद्धाश्रम खुल रहे हैं, यह स्वयं एक गंभीर चिंता का विषय है। इससे स्पष्ट है कि नई पीढ़ी में माँ-बाप की सेवा और आत्मीयता की भावना में कमी आई है, जिसे दूर करना अब हमारी जिम्मेदारी बन चुका है।”

नोएडा में लगेगा विशाल चरित्र निर्माण शिविर
इस अभियान के तहत ‘विशाल आर्य युवा चरित्र निर्माण शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है। अनिल आर्य ने बताया कि यह शिविर 30 मई से 6 जून 2026 तक एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-44, नोएडा में आयोजित किया जाएगा। शिविर में 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के 200 युवकों को शामिल किया जाएगा।
आधुनिक शिक्षा के साथ वैदिक संस्कृति का अनूठा संगम
शिविर की विशेषता बताते हुए अनिल आर्य ने कहा कि युवाओं को केवल शारीरिक बल प्रदान करने वाले योगासन, दंड-बैठक, लाठी, जुडो-कराटे, बॉक्सिंग और आत्मरक्षा की ट्रेनिंग ही नहीं दी जाएगी, बल्कि उन्हें वैदिक संस्कृति से गहराई से जोड़ा जाएगा। यह शिविर वरिष्ठ शिक्षाविद डॉ. अमिता चौहान और डॉ. अशोक कुमार चौहान के सानिध्य और मार्गदर्शन में संचालित होगा। इसके अलावा देश के विभिन्न प्रान्तों में भी ऐसे शिविर लगाकर ‘युवा संस्कार अभियान’ तेजी से चलाया जाएगा।
48 वर्षों की सेवा में सोने पर सुहागा
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष प्रवीण आर्य ने घोषणा की कि गाजियाबाद से 50 युवक इस शिविर में सम्मिलित होंगे और परिषद् इस कार्य में हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। राष्ट्रीय संगठन मंत्री सौरभ गुप्ता (गाजियाबाद) ने गर्व से बताया कि सेवा और संस्कार के इस महायज्ञ में परिषद् को कार्य करते हुए 48 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। राष्ट्रीय महासचिव महेन्द्र भाई ने बैठक का कुशल संचालन करते हुए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से इस अभियान को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर सहयोग की अपील की।
























