संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। नोएडा से बर्थडे पार्टी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक बीच सड़क पर जन्मदिन मनाते हुए नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान युवकों ने सड़क पर जमकर हंगामा किया। वीडियो सामने आने के बाद थाना फेस-1 पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
वायरल वीडियो में कुछ युवक बीच सड़क पर कपड़े उतारकर बर्थडे सेलिब्रेट करते दिखाई दे रहे हैं। एक तरफ सरकारी हूटर बजता हुआ नजर आ रहा है, जबकि दूसरी तरफ डीजे पर गाने बज रहे हैं। वीडियो में कुछ युवक गाड़ी की बोनट पर चढ़कर जाम छलकाते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
इस दौरान सड़क पर यातायात और सार्वजनिक व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स की ओर से अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो थाना फेस-1 क्षेत्र का है। वीडियो एक्स (Twitter) पर वायरल होने के बाद थाना फेस-1 पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 42 वर्षीय सुनील टांक, 25 वर्षीय अरुण और 32 वर्षीय रोहित के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक कार्रवाई के तहत जेल भेज दिया।
पुलिस ने इस मामले में उस बोलेरो गाड़ी के खिलाफ भी कार्रवाई की है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर UP 16 DJ 6170 बताया गया है। पुलिस ने वाहन को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है।
नोएडा में सड़क पर बर्थडे पार्टी और हुड़दंग का यह वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई चर्चा में है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर यूजर्स भी अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

























