BRICS Summit Traffic Advisory:दिल्ली में आज इन 35 सड़कों पर नहीं चलेगी आपकी गाड़ी

ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से घर से कदम रखने से पहले अपने रूट की पुष्टि करने का अनुरोध किया है। विशेष रूप से एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और ISBT जाने वाले यात्रियों को सामान्य समय से ज्यादा रवाना होने की सलाह दी गई है। एयरपोर्ट-बाउंड यात्रियों के लिए मेट्रो सेवा को प्राथमिक विकल्प मानने को कहा गया है।

दिल्ली में BRICS समिट: 22 पॉइंट्स पर डायवर्जन, 35+ सड़कें प्रभावित – निकलें तो ये रूट जरूर देखें

HIGHLIGHTS

  • घर से निकलने से पहले ये खबर पढ़ना जरूरी है
  • एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन जा रहे हैं? पहले रूट देखें
  • दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का बड़ा ऐलान, इन रास्तों से बचें
  • आज दिल्ली की ये सड़कें रहेंगी प्रभावित, नोट करें विकल्प

भारत मंडपम, प्रगति मैदान में 11 से 13 सितंबर तक चल रहे ब्रिक्स समिट के चलते आज यानी 13 सितंबर को राजधानी के यातायात में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक के लिए विशेष पब्लिक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है, जिसके तहत 22 अलग-अलग जगहों पर डायवर्जन लागू रहेगा और 35 से अधिक प्रमुख सड़कें इसके असर में आएंगी।

ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से घर से कदम रखने से पहले अपने रूट की पुष्टि करने का अनुरोध किया है। विशेष रूप से एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और ISBT जाने वाले यात्रियों को सामान्य समय से ज्यादा रवाना होने की सलाह दी गई है। एयरपोर्ट-बाउंड यात्रियों के लिए मेट्रो सेवा को प्राथमिक विकल्प मानने को कहा गया है।

ये रहीं प्रभावित होने वाली सड़कें

एडवाइजरी के अनुसार सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग और डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग पर आज राहगीरों को परेशानी मिल सकती है।

इसी तरह ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, सत्य मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंबा रोड, टॉल्सटॉय मार्ग, रंजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, केमल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एन्क्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जोसेफ ब्रोज टीटो मार्ग और लाला लाजपत राय मार्ग भी प्रभावित रूटों की सूची में शामिल हैं।

22 जगहों पर बदला रास्ता?

  • W-पॉइंट (डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक): मथुरा रोड और तिलक मार्ग की ओर जाने वाले वाहनों को निर्देशित किया जाएगा। ईस्ट-साउथ दिल्ली जाने वाले BSZ मार्ग व IP मार्ग का इस्तेमाल करें, जबकि सेंट्रल, नॉर्थ और वेस्ट दिल्ली वालों के लिए दिल्ली गेट का रास्ता निर्धारित है। कनॉट प्लेस व नई दिल्ली के लिए सिकंदरा रोड उपलब्ध रहेगा।
  • A-पॉइंट (राम चरण अग्रवाल चौक): यहां से W-पॉइंट के पार कमर्शियल वाहनों को अनुमति नहीं मिलेगी। अलग-अलग दिशाओं के लिए IP मार्ग, DDU मार्ग, BSZ मार्ग और दिल्ली गेट के विकल्प दिए गए हैं।
  • मीर दर्द चौक: महाराजा रणजीत सिंह मार्ग की ओर का ट्रैफिक मोड़ा जाएगा। नई दिल्ली व अन्य दिशाओं के लिए मीर दर्द मार्ग, अब्दुल गफ्फार मार्ग, कोटला मार्ग, DDU और BSZ मार्ग के रास्ते बताए गए हैं।
  • कनॉट प्लेस क्षेत्र: कस्तूरबा गांधी मार्ग और आउटर सर्किल से C-Hexagon जाने वाले वाहनों पर नियंत्रण रहेगा। जनपथ और आउटर सर्किल से आने-जाने वालों को कालीबाड़ी, शहीद भगत सिंह, पंचकुइयां, मिंटो और बाराखंबा रोड की ओर भेजा जाएगा।
  • पटेल चौक व RML राउंडअबाउट: संसद मार्ग से विंडसर प्लेस-RBI की ओर जाने वालों को अशोका रोड, GPO, संसद मार्ग के रास्ते निर्देशित किया जाएगा। RML अस्पताल के पास से मदर टेरेसा क्रिसेंट व टॉकटोरा रोड जाने वालों के लिए शेख मुजीबुर रहमान मार्ग और बाबा खड़क सिंह मार्ग दिए गए हैं।
  • दक्षिण दिल्ली के मार्ग: वंदे मातरम मार्ग से साइमन बोलिवर मार्ग की ओर का ट्रैफिक धौला कुआं या करोल बाग की तरफ भेजा जाएगा। धौला कुआं फ्लाईओवर से सरदार पटेल मार्ग जाने वालों को रिंग रोड पर मोड़ा जाएगा, जबकि IGI एयरपोर्ट व गुरुग्राम वाले NH-48 का उपयोग कर सकते हैं। मोती बाग फ्लाईओवर से शांति पथ जाने वालों के लिए राव तुला राम मार्ग निर्धारित है।
  • लोधी क्षेत्र: ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग राउंडअबाउट, मदरसा टी-पॉइंट और लोधी रोड के चार अलग-अलग जंक्शनों (अमृता शेरगिल, मैक्स म्यूलर, महर्षि रमण और आर्च बिशप मैकारियस मार्ग) पर डायवर्जन रहेगा। लोधी फ्लाईओवर के नीचे से भारत मंडपम जाने वालों को नीला गुंबद, बारापुला फ्लाईओवर या मदरसा/लाला लाजपत राय मार्ग की ओर भेजा जाएगा।
  • नीला गुंबद व ओबेरॉय फ्लाईओवर: यहां से ओबेरॉय फ्लाईओवर व जाकिर हुसैन मार्ग की ओर का ट्रैफिक आश्रम चौक या लोधी रोड की ओर मोड़ा जाएगा। ओबेरॉय के नीचे मथुरा रोड के वाहन DPS के सामने यू-टर्न लेकर लोधी फ्लाईओवर की ओर जाएंगे, लेकिन ओबेरॉय होटल व गोल्फ लिंक वालों को छूट रहेगी।
  • अन्य पॉइंट्स: रिंग रोड/भैरों रोड से भैरों मार्ग जाने वालों के लिए सराय काले खां और राजघाट के रास्ते दिए गए हैं। मंडी हाउस से फिरोजशाह रोड, भगवान दास रोड और कॉपरनिकस मार्ग जाने वालों को बाराखंबा रोड या सिकंदरा मार्ग की ओर भेजा जाएगा।

रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए वैकल्पिक रूट

  • नई दिल्ली स्टेशन के लिए तीन रास्ते बताए गए हैं – कश्मीरी गेट से बुलेवार्ड रोड, रानी झांसी मार्ग, DBG रोड व पंचकुइयां होते हुए आउटर सर्किल; आश्रम चौक-रिंग रोड-राजघाट-JLN मार्ग; और वंदे मातरम मार्ग-डॉ. अंबेडकर मार्ग-पंचकुइयां रोड।
  • पुरानी दिल्ली स्टेशन के लिए कश्मीरी गेट-हनुमान मंदिर-एसपी मुखर्जी मार्ग, आश्रम चौक-राजघाट से होते हुए या रानी झांसी फ्लाईओवर-लोहथियान मार्ग के विकल्प हैं।
  • हजरत निजामुद्दीन के लिए AIIMS-रिंग रोड-आश्रम चौक-मथुरा रोड या कश्मीरी गेट-राजघाट-आश्रम चौक का रास्ता अपनाएं।

एयरपोर्ट पहुंचने के आसान रास्ते

गुरुग्राम से T3/T2/T4 के लिए NH-48, राव गजराज सिंह मार्ग व UER-II का रूट है। द्वारका सेक्टर-22 से UER-II और नए टनल से T3 पहुंचा जा सकता है।

नई व साउथ दिल्ली से रिंग रोड-AIIMS चौक-RTR मार्ग-शंकर विहार फ्लाईओवर होते हुए NH-48 का रास्ता बनेगा। वेस्ट व नॉर्थ/ईस्ट दिल्ली से राजा गार्डन, पंखा रोड, डाबरी, द्वारका रोड व UER-II से एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह है।

परिवहन और पार्किंग से जुड़े निर्देश

VVIP के ठहराव के समय बसों के रूट में अस्थायी बदलाव संभव है, लेकिन मेट्रो की सभी लाइनें सामान्य रूप से चलेंगी। टैक्सी-ऑटो ड्राइवर निर्धारित स्थानों के अलावा किनारे गाड़ी नहीं खड़ी कर सकेंगे।

गंतव्य विहीन कमर्शियल वाहनों का दिल्ली प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और नियंत्रित सड़कों के 200 मीटर के दायरे में पार्किंग पर पूर्ण रोक होगी।

एम्बुलेंस व आपातकालीन सेवाओं के लिए 24 घंटे निर्बाध मार्ग सुनिश्चित किए जाएंगे। ट्रैफिक पुलिस ने ड्यूटी पर तैनात जवानों के निर्देश मानने, सोशल मीडिया व ट्रैफिक पोर्टल से ताजा अपडेट लेने और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now