संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। सेक्टर-12 स्थित भाऊ राव देव रस सरस्वती विद्या मंदिर में ब्राह्मण समाज महासंघ द्वारा भव्य सम्मान समारोह एवं काव्य पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग, विद्यार्थी, कवि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल राजस्थान श्री कलराज मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, विधायक चंद शर्मा तथा भाजपा गौतमबुद्धनगर के जिला अध्यक्ष श्री अभिषेक शर्मा की गरिमामय उपस्थिति रही।
विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
ब्राह्मण समाज महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश मिश्रा ने बताया कि समारोह में विभिन्न क्षेत्रों और विभिन्न वर्गों से जुड़े प्रतिभाशाली एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उन विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपनी मेहनत और लगन से 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान समाज के अन्य बच्चों और युवाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करना समाज के लिए गौरव की बात है।
कवियों ने प्रस्तुत किया काव्य पाठ
सम्मान समारोह के साथ ही कार्यक्रम में काव्य पाठ का भी आयोजन किया गया। विभिन्न कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। देश, समाज, संस्कृति और राष्ट्रभावना से जुड़े काव्य पाठ ने कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बना दिया।
सर्व समाज को संगठित करने का प्रयास
ब्राह्मण समाज महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश मिश्रा के नेतृत्व में के.के. मिश्रा, दिनेश मिश्रा, मनीष त्रिपाठी, संदीप शर्मा और विनय मिश्रा सहित पूरी टीम ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
महासंघ की टीम ने कहा कि समाज को संगठित करने के साथ-साथ सर्व समाज में आपसी भाईचारा, सहयोग और सामाजिक समरसता को मजबूत करना भी संगठन का उद्देश्य है। कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया गया।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

























