UP News: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। छेड़खानी के झूठे मुकदमे में फंसाए जाने और पुलिस द्वारा प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए एक 20 वर्षीय युवक ने यमुना नदी में छलांग लगाकर जान दे दी। आत्महत्या करने से पहले युवक ने जो वीडियो सोशल मीडिया पर डाला, उसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शव मिलने से मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि कदौरा थाना क्षेत्र के मोहल्ला सिद्धार्थ नगर निवासी 20 वर्षीय लोकेंद्र का शव रविवार सुबह कालपी कोतवाली क्षेत्र के यमुना पुल के पास नदी में उतराता मिला। सूचना पर पहुंची कालपी कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की पहचान होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, जबकि क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले लक्ष्मी देवी नाम की एक महिला ने लोकेंद्र के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में कदौरा थाना पुलिस ने युवक के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर चालान किया। हवालात से मुचलके पर छूटकर घर लौटने के बाद से ही लोकेंद्र गहरे मानसिक तनाव में आ गया था। वह लगातार अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को झूठा बता रहा था।
वायरल वीडियो में खोली सिस्टम की पोल
आत्महत्या करने से पहले लोकेंद्र ने एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया। इस वीडियो में वह बेहद टूटे हुए नजर आ रहा था। युवक ने वीडियो में कहा कि उसे झूठे मुकदमे में फंसाया गया है, जिसकी वजह से उसकी जिंदगी बर्बाद हो गई है।
सबसे चौंकाने वाला खुलासा युवक ने पुलिस पर किया। उसने वीडियो में आरोप लगाया कि कदौरा थाना पुलिस ने उसके साथ मारपीट की और उससे पैसे ऐंठे। बार-बार अपनी बेगुनाही की बात दोहराते हुए युवक ने कहा कि अब उसके पास जीने का कोई मतलब नहीं बचा है।
पुलिस रही बेबस
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई थी, लेकिन तब तक काम नहीं बन पाया। इसी बीच रविवार सुबह यमुना पुल के पास शव मिलने की सूचना मिली। कालपी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान लोकेंद्र के रूप में हुई।
तीन दिन पुराना लग रहा शव, जांच जारी
कालपी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव करीब तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि जिस दिन युवक ने वीडियो वायरल किया था, उसी दिन उसने नदी में कूदकर जान दे दी थी। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और वीडियो में लगाए गए आरोपों को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की बात कही जा रही है।
आक्रोश और मांग
युवक की मौत के बाद परिजनों ने निष्पक्ष जांच की सख्त मांग उठाई है। वे चाहते हैं कि वीडियो में जिन लोगों और पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाए गए हैं, उन पर कार्रवाई हो। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है, जबकि सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग सिस्टम पर सवाल उठा रहे हैं।



























