Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में एक स्कूटी की पार्किंग को लेकर दो पड़ोसियों के बीच जमकर मारपीट की घटना सामने आई है। मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चलने लगे। इस हिंसक झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
राम श्याम कॉलोनी में दहशत
यह पूरा मामला बिसरख थाना क्षेत्र के चिपियाना स्थित राम श्याम कॉलोनी का है। जानकारी के अनुसार, यहां रहने वाले अवधेश कुमार गुप्ता और आकाश कुमार शर्मा पड़ोसी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच स्कूटी और अन्य वाहनों की पार्किंग को लेकर काफी समय से ठन-ठन गोठ चल रही थी। पहले भी दोनों पक्षों में कई बार कहासुनी होती रही है, लेकिन मंगलवार को बात इतनी बढ़ गई कि उसने हिंसक रूप ले लिया।
पार्किंग विवाद बना खूनी संघर्ष
एक बार फिर वाहन खड़ा करने को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। आरोप है कि बहस के दौरान अवधेश कुमार गुप्ता ने आकाश कुमार शर्मा के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब इसकी सूचना आकाश के परिजनों को मिली तो वे भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद मामला इतना बिगड़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। कॉलोनी में हुई इस झड़प के दौरान लोगों में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
CCTV फुटेज में कैद हुई बर्बरता
मारपीट की पूरी घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वहीं, मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन से भी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे लोगों की भीड़ एक-दूसरे पर हमला कर रही है और कुछ लोग बीच-बचाव की कोशिश करते हुए नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बिसरख पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें सुनने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देते हुए भविष्य में ऐसी किसी भी गतिविधि से बचने की सख्त हिदायत दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी भी पक्ष के खिलाफ गंभीर आरोप सामने आते हैं या कानून व्यवस्था भंग करने की पुष्टि होती है, तो संबंधित धाराओं में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
























