Noida News: भाजपा जिला गौतमबुद्धनगर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट सूरजपुर पर समाजवादी पार्टी (सपा) के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन सपा के एक सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति अशोभनीय और अपमानजनक भाषा के प्रयोग के विरोध में आयोजित किया गया था। भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में पार्टी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और सपा सांसद के खिलाफ जमकर नारे लगाए।
जिलाध्यक्ष ने कहा- राजनीतिक हताशा में नहीं लांघनी चाहिए मर्यादाएं
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन राजनीतिक विरोध के नाम पर व्यक्तिगत मर्यादा, सामाजिक सम्मान और भारतीय संस्कारों को ठेस पहुँचाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब राजनीतिक दलों का नेतृत्व ही मर्यादाओं की अनदेखी करने लगे तो उनके कार्यकर्ताओं से संयमित भाषा और शालीन आचरण की अपेक्षा करना कठिन हो जाता है।

अभिषेक शर्मा ने महोबा से समाजवादी पार्टी के सांसद अजेन्द्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री के प्रति की गई टिप्पणी को लोकतांत्रिक गरिमा और राजनीतिक शिष्टाचार पर करारा आघात बताया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखना प्रत्येक जनप्रतिनिधि का दायित्व है, किंतु कुछ लोग राजनीतिक हताशा में सभी सीमाएँ लाँघ रहे हैं।
भाजपा ने विपक्ष से की अपील
भाजपा ने स्पष्ट किया कि पार्टी सदैव भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों की पक्षधर रही है। किसी भी वर्ग, समाज अथवा राष्ट्र नेतृत्व के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक संस्कृति को दूषित करता है और सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुँचाता है। पार्टी ने विपक्ष से लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करने, समाज में सौहार्द बनाए रखने तथा सार्वजनिक जीवन में शालीन एवं जिम्मेदार भाषा के प्रयोग की अपील की है।




















