ऋषि तिवारी
नोएडा। सेक्टर 34 स्थित उदयगिरि प्रथम बी-10 में भाजपा नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान का सेक्टरवासियों ने स्वागत किया। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के युवा अध्यक्ष एवं सेक्टर निवासी अमित पोरवाल के निवास स्थान पर आयोजित कार्यक्रम में सेक्टरवासियों ने पुष्पगुच्छ एवं राम दरबार भेंट कर महेश चौहान का अभिनंदन किया। इस दौरान सेक्टर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अमित पोरवाल ने बताया कि सेक्टर में भाजपा नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान का आगमन सेक्टरवासियों के लिए हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि मुलाकात के दौरान सेक्टर की प्रमुख समस्याओं को उनके सामने रखा गया। इनमें RWA का दोबारा चुनाव, सेक्टर के गेटों का पुनर्निर्माण और साफ-सफाई व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल रहे।
अमित पोरवाल ने बताया कि सेक्टरवासियों की समस्याओं को लेकर महेश चौहान से सकारात्मक चर्चा हुई। उन्होंने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और इनके जल्द समाधान का आश्वासन दिया। सेक्टरवासियों ने उम्मीद जताई कि संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास, साफ-सफाई व्यवस्था और सेक्टर की अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर भी चर्चा हुई। सेक्टरवासियों ने कहा कि स्थानीय समस्याओं को जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाकर उनके समाधान की दिशा में लगातार प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष ओमवीर अवाना, जिला मंत्री मनोज चौहान, पूर्व क्षेत्र मंत्री युवा मोर्चा भूपेश चौधरी, सैनिक विहार मंडल कोषाध्यक्ष देवेंद्र सिंह और मीडिया प्रभारी सैनिक विहार मंडल अतुल त्यागी सहित सेक्टर के वरिष्ठ लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान सेक्टरवासियों ने उम्मीद जताई कि सेक्टर 34 नोएडा की समस्याओं का जल्द समाधान होगा और क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
























