बाजार से लाया तरबूज बना मौत की वजह, युवती की मौत, माता-पिता ICU में

Uttar Pradesh News : मुंबई में भी तरबूज खाने से एक ही परिवार के लोगों की तबीयत बिगड़ी थी और मौतें हुई थीं। बिजनौर की घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है और लोग बाजार से फल खरीदने में कतराते नजर आ रहे हैं।

UP News: तरबूज खाने के बाद बिगड़ी तबीयत, युवती ने रास्ते में तोड़ा दम

HIGHLIGHTS

  • बिजनौर में तरबूज खाने से युवती की मौत
  • जहरीला तरबूज बना मौत का कारण
  • शादी की खुशियां मातम में बदलीं
  • तरबूज खाने से 22 साल की लड़की की मौत
  • बिजनौर में फूड पॉइजनिंग का बड़ा मामला

UP News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। मुंबई में तरबूज खाने से हुई मौतों का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि बिजनौर में एक ही परिवार के तीन लोगों ने तरबूज खाया और तबीयत बिगड़ने से 22 साल की युवती की मौत हो गई। उसके माता-पिता की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

खुशियों का माहौल बना मातम

मामला कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के शेरनगर नरैका गांव का है। यहां रहने वाले डॉ. जियाउल रहमान ने बाजार से तरबूज लाया, जिसे उन्होंने अपनी पत्नी और बेटी मुस्कान (22) के साथ खाया। तरबूज खाने के कुछ ही देर बाद तीनों को तेज बेचैनी, उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने लगी।

परिजनों ने तत्काल उन्हें अस्पताल लेने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही मुस्कान की हालत इतनी बिगड़ गई कि उसने दम तोड़ दिया। सबसे दुखद पहलू यह है कि मुस्कान का निकाह हाल ही में तय हुआ था। घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, लेकिन जहरीले तरबूज ने खुशियों को चीखों में बदल दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस और स्वास्थ्य टीम

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। डॉ. रहमान और उनकी पत्नी को बिजनौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी जान बचाने में जुटी है। पुलिस ने मुस्कान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, हालांकि परिजन पीएम करवाने को लेकर अड़े हुए हैं।

क्या है मौत का कारण?

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अभी मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। लेकिन प्रारंभिक जांच और लक्षणों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि तरबूज में जहरीले कीटनाशकों (Pesticides) या फल को जल्दी पकाने के लिए इस्तेमाल किए गए रसायनों की वजह से ‘फूड पॉइजनिंग’ (Food Poisoning) हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फल के सैंपल जांच के लिए भेजे जा सकते हैं।

मुंबई कांड की दोहराई कहानी

यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले मुंबई में भी तरबूज खाने से एक ही परिवार के लोगों की तबीयत बिगड़ी थी और मौतें हुई थीं। बिजनौर की घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है और लोग बाजार से फल खरीदने में कतराते नजर आ रहे हैं।

एक्सपर्ट ने दी ये खास सलाह (कैसे बचें?)

क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारियों और विशेषज्ञों ने लोगों को तरबूज खरीदने और खाने को लेकर कुछ खास सावधानियां बरतने की अपील की है:

  • पानी में रखें डुबोकर: तरबूज काटने से पहले उसे कम से कम एक घंटे के लिए पानी में डुबोकर रखें। इससे बाहरी रसायन धुल जाते हैं।
  • न खरीदें असामान्य लाल तरबूज: यदि तरबूज बहुत अधिक गहरे लाल रंग का है या उस पर कहीं इंजेक्शन या सुई के निशान हैं, तो उसे तुरंत वापस कर दें या बिल्कुल न खरीदें।
  • तुरंत करें डॉक्टर से संपर्क: अगर फल खाने के बाद तेज पेट दर्द, उल्टी, चक्कर या सांस लेने में तकलीफ हो, तो घरेलू इलाज न करें और तुरंत अस्पताल पहुंचें।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now