बिहार: प्रशांत किशोर की पार्टी के नेता मनीष कश्यप पर रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप

प्रशांत किशोर के साथ मनीष कश्यप (फाइल फोटो)

Bihar News: बिहार में प्रशांत किशोर की पार्टी ‘जन सुराज’ के प्रमुख नेता और चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप के खिलाफ बड़ा खुलासा हुआ है। पश्चिम चंपारण जिले के नवलपुर थाना क्षेत्र में उन पर और उनके पांच साथियों पर ठेकेदार से रंगदारी मांगने और मारपीट का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, मामला पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान मांगी गई रकम का है। पीड़ित ठेकेदार त्रिभुवन नारायण सिंह के भतीजे संजीत कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि मनीष कश्यप ने चुनाव के दौरान उनसे 10 लाख रुपये चंदे के नाम पर मांगे थे। जब उन्होंने यह रकम देने से इनकार कर दिया, तो मनीष कश्यप अपने सहयोगियों के साथ उनके काम की जगह पहुंच गए।

यह भी पढ़ें : लखनऊ: किराएदार के इश्क में बहू बनी ‘कातिल’!

16 मार्च को हुई घटना

शिकायतकर्ता के मुताबिक, 16 मार्च को मनीष कश्यप और उनके साथी चमैनिया पुल निर्माण स्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज किया और काम बंद कराने की धमकी दी। आरोप है कि इसका मकसद पहले मांगी गई रकम वसूलना था।

20 मार्च को हमला और 1 लाख की मांग

मामला यहीं नहीं थमा। संजीत कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि 20 मार्च को जब वे नवलपुर बाजार में निर्माण सामग्री खरीदने गए थे, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने मारपीट के साथ ही एक लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी। पीड़ित पक्ष ने इस घटना के बाद थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। नवलपुर थाने में दर्ज एफआईआर में रमेश यादव, संतोष कुमार गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, बिट्टू प्रसाद, विशाल गुप्ता और अनिल यादव सहित अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है।

दूसरे पक्ष का आरोप: लूट और अपहरण की कोशिश

इस मामले का दूसरा पहल भी सामने आया है। आरोपी रमेश यादव की मां फुलेनी देवी ने भी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने ठेकेदार पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि ठेकेदार के लोगों ने उनके बेटे की मारपीट की, दो लाख रुपये चुराए और जबरन अपहरण करने की कोशिश की।

यह भी पढ़ें : मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच राम कपूर का बड़ा फैसला

पुलिस का बयान

नवलपुर थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब मामले की सभी पहलुओं की छानबीन कर रही है और जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल, इस मामले में मनीष कश्यप की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इस मामले के सामने आने के बाद इलाके में मनीष कश्यप और जन सुराज पार्टी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now