संध्या समय न्यूज
Bihar News: बिहार के मोतिहारी से एक दर्दनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद दहेज हत्या का गंभीर आरोप सामने आया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि आरोपी परिवार के सदस्य घटना के बाद फरार हो गए हैं। पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के फुलवार गांव में घटी इस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। मृतका सुमन देवी की शादी वर्ष 2021 में बबलू पुरी के साथ हुई थी। मौत की सूचना मिलते ही गांव में सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई।
ससुराल पक्ष फरार, मायके में कोहराम
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके के परिजन रोते-बिलखते ससुराल पहुंचे। वहां उन्हें सुमन का शव पड़ा मिला, जबकि ससुराल के सभी सदस्य अज्ञात स्थान पर फराब हो चुके थे। इससे नाराज मायके के लोगों ने मौके पर जमकर हंगामा किया और सुमन की हत्या का आरोप ससुराल वालों पर लगाया।
‘चार दिन से थी कमरे में बंद, जान से मारने की दी जा रही थी धमकी’
मृतका की मां कमल देवी ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी बेटी की हत्या दहेज की मांग को लेकर की गई है। उन्होंने कहा कि सुमन के पति और सास उससे लगातार रुपये और सामान की मांग करते थे। इसी बात को लेकर अक्सर उसके साथ मारपीट की जाती थी।
यह भी पढ़ें : राजपाल यादव का ‘छोटा डॉन’ अवतार बना वायरल
सबसे चौंकाने वाला आरोप यह है कि घटना से ठीक चार दिन पहले सुमन को एक कमरे में बंद कर दिया गया था। मां ने बताया, “वह लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे थे और सुमन मायके आने की गुहार लगा रही थी। वह आज ही अपने मायके आने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही उसका गला दबाकर हत्या कर दी गई।” परिजनों का कहना है कि पहले भी सुमन के साथ मारपीट कर उसकी गर्दन दबाने की कोशिश की गई थी, जिसके इलाज में करीब एक लाख रुपये खर्च हुए थे।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर
मामले की गंभीरता को देखते हुए पकड़ीदयाल थाना पुलिस के साथ डीएसपी कुमार चंदन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो सूक्ष्म जांच कर रही है। डीएसपी कुमार चंदन ने बताया कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। उन्होंने कहा, “पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल फरार ससुराल पक्ष की तलाश तेज कर दी गई है और मामले की गहन जांच चल रही है।”























