ऋषि तिवारी
नई दिल्ली। लालकिला मैदान में आयोजित होने वाली विश्व प्रसिद्ध लव कुश रामलीला में इस बार अभिनेत्री पूनम पांडे मंदोदरी की भूमिका निभाती नजर नहीं आएंगी। उनके नाम की घोषणा के बाद समाज के विभिन्न वर्गों और संस्थानों की ओर से आई आपत्तियों को देखते हुए रामलीला समिति ने यह फैसला लिया है।
समिति के अध्यक्ष अर्जुन कुमार और महासचिव सुभाष गोयल ने बताया कि पूनम पांडे ने समिति के आमंत्रण पर मंदोदरी की भूमिका निभाने के लिए सहमति दी थी। इसके बाद समिति की ओर से उनके नाम की घोषणा की गई थी।
आपत्तियों के बाद बदला फैसला
पूनम पांडे को मंदोदरी की भूमिका दिए जाने की खबर सामने आने के बाद कई संस्थानों और समाज के विभिन्न वर्गों की ओर से आपत्तियां दर्ज कराई गईं। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, इन आपत्तियों के कारण रामलीला के मूल उद्देश्य को लेकर भी चिंता सामने आई।
समिति का कहना है कि लव कुश रामलीला का मुख्य उद्देश्य प्रभु श्रीराम के आदर्शों और संदेश को समाज तक पहुंचाना है। ऐसे में यदि किसी कलाकार के चयन को लेकर विवाद उत्पन्न हो रहा है और इससे रामलीला के उद्देश्य में बाधा आ रही है, तो उस पर विचार करना आवश्यक है।
किसी अन्य कलाकार को मिलेगी मंदोदरी की भूमिका
गहन विचार-विमर्श के बाद समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इस वर्ष मंदोदरी की भूमिका किसी अन्य कलाकार से करवाई जाएगी। इस फैसले के बाद पूनम पांडे इस बार लालकिला मैदान की रामलीला में मंदोदरी के किरदार में नजर नहीं आएंगी। समिति ने पूनम पांडे के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह समिति के इस निर्णय को समझेंगी और इसे लेकर उन्हें क्षमा करेंगी।
क्यों अहम है यह फैसला?
लालकिला मैदान की लव कुश रामलीला देश की चर्चित रामलीलाओं में शामिल है और हर वर्ष बड़ी संख्या में दर्शक इसे देखने पहुंचते हैं। ऐसे में कलाकारों का चयन और रामलीला की प्रस्तुति को लेकर समिति विशेष सावधानी बरतती है।
पूनम पांडे के मंदोदरी की भूमिका निभाने की घोषणा के बाद उठे विवाद के बीच समिति का यह फैसला अब चर्चा का विषय बना हुआ है।



























