संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। भारतीय किसान यूनियन मंच की ओर से प्रधान कार्यालय गांव शाहपुर गोवर्धनपुर, सेक्टर-128 में शहीद दिवस मनाया गया। इस दौरान देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले महान क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और किसानों ने तीनों शहीदों के योगदान को याद किया।
23 मार्च को दी गई थी भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को फांसी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुधीर चौहान ने कहा कि 23 मार्च को भारत में शहीद दिवस के रूप में याद किया जाता है। इसी दिन वर्ष 1931 में ब्रिटिश हुकूमत ने देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले तीन महान क्रांतिकारियों सरदार भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को फांसी दी थी।
सुधीर चौहान ने कहा कि 23 मार्च 1931 की शाम लाहौर जेल में तीनों क्रांतिकारियों को फांसी दी गई थी। उनके अनुसार, भगत सिंह और उनके साथियों को 24 मार्च 1931 को फांसी दी जानी थी, लेकिन निर्धारित समय से करीब 11 घंटे पहले ही उन्हें फांसी दे दी गई।
युवाओं को शहीदों के जीवन से सीख लेने की जरूरत
राष्ट्रीय अध्यक्ष सुधीर चौहान ने कहा कि भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु का जीवन आज भी देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि इन क्रांतिकारियों ने कम उम्र में ही देश के लिए बड़े कार्य किए और अपना जीवन राष्ट्र के नाम समर्पित कर दिया।
उन्होंने कहा कि शहीदों के जीवन से यह सीख मिलती है कि देश और समाज के लिए कार्य करने की कोई उम्र सीमा नहीं होती। युवाओं को उनके विचारों और संघर्ष से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में किसान और संगठन के पदाधिकारी रहे मौजूद
भारतीय किसान यूनियन मंच ने मनाया शहीद दिवस कार्यक्रम में संगठन के कई पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे। इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव गौतम लोहिया, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान, यूथ विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष चौहान, महासचिव रिंकू यादव, सचिव प्रिंस भाटी, प्रवक्ता विमल त्यागी और दानिश सैफी समेत अन्य किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित लोगों ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले क्रांतिकारियों के योगदान को नमन किया।

























