संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। होटल बालमेंट, सेक्टर 37 में भारत विकास परिषद की ओर से दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष गजेंद्र सिंह संधू, राष्ट्रीय वित्त सचिव महेश बाबू गुप्ता, राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेश जैन, क्षेत्रीय अध्यक्ष तरुण शर्मा, महासचिव अनुराग दुबलिश और संगठन मंत्री शरद चंद्र ने दीप प्रज्वलित कर किया।
भारत विकास परिषद कार्यशाला के दौरान आगामी 2024-25 में आयोजित होने वाले क्षेत्रीय स्तर के विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यशाला में परिषद की गतिविधियों, संगठनात्मक विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से संचालित करने को लेकर भी चर्चा हुई।
पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष गजेंद्र सिंह संधू ने कहा कि संपर्क सूत्र ही परिषद की धुरी है। संपर्क के माध्यम से समाज के प्रबुद्ध और समर्थ वर्ग को परिषद परिवार से जोड़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि परिषद से जुड़ने वाले लोगों को राष्ट्रोत्थान के लिए समर्पण भाव से सेवा कार्यों के लिए प्रेरित करना संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
कार्यशाला में परिषद के पदाधिकारियों ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और सामाजिक सेवा गतिविधियों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया। दो दिवसीय भारत विकास परिषद कार्यशाला सेक्टर 37 में संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
























