संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। नोएडा सेक्टर 48 स्थित सीता वाटिका पार्क में बुधवार को ह्यूमन डेवलपमेंट फाउंडेशन द्वारा केंद्रीय एवं राज्य सरकार की विभिन्न गरीब कल्याणकारी योजनाओं को लेकर विशेष जागरूकता कैंप आयोजित किया गया। कैंप का उद्देश्य जरूरतमंद और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पंजीकृत करना रहा।
ह्यूमन डेवलपमेंट फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कैंप को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर सेक्टर 48 से शुरू किया गया है। इसके तहत नोएडा प्राधिकरण की ओर से नियुक्त सफाई कर्मियों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न गरीब कल्याण योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।
इसके साथ ही योजनाओं के लिए पात्र सफाई कर्मियों का पंजीकरण भी कराया जाएगा, ताकि वे सरकार की ओर से संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
ह्यूमन डेवलपमेंट फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि आने वाले समय में इसी प्रकार के जागरूकता एवं पंजीकरण कैंप नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में सफाई कर्मियों के अलावा सुरक्षा गार्ड, माली और अन्य जरूरतमंद श्रमिकों को भी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
संस्था का उद्देश्य ऐसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना है, जो सरकारी गरीब कल्याणकारी योजनाओं के पात्र हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में उनका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।
ह्यूमन डेवलपमेंट फाउंडेशन के इस अभियान के माध्यम से पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पंजीकरण प्रक्रिया में भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। संस्था का लक्ष्य नोएडा क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में इस तरह के कैंप आयोजित कर अधिक से अधिक सुपात्र जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है।
इस पहल के तहत लोगों को योजनाओं की पात्रता, पंजीकरण और मिलने वाले लाभों के बारे में जागरूक किया जाएगा, जिससे सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच सके।


























