आंध्र प्रदेश: बजरी लदे ट्रक ने बस को बनाया ‘आग का गोला’

आंध्र प्रदेश के बस और ट्रक की भीषण टक्कर

Andhra Pradesh Road Accident: आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम इलाके में सड़क हादसों की एक और खौफनाक घटना सामने आई है, जहां एक निजी ट्रैवल बस और बजरी लदे टिपर ट्रक की भीषण टक्कर में कम से कम 10 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के तुरंत बाद बस में लगी आग ने उसे पूरी तरह से निगल लिया और वह खाक हो गई।

हैदराबाद से पामुर जा रही थी बस

जानकारी के मुताबिक, हादसा रायवरम के पास लकड़ी की खदानों के नजदीक हुआ। हैदराबाद से पामुर जा रही निजी ट्रैवल बस की आमने-सामने बजरी लदे एक टिपर ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज और जोरदार थी कि बस का कंट्रोल खोने के बाद वह डिवाइडर से टकराकर पलट गई और उसमें तुरंत आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बस में सवार यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।

10 की मौके पर मौत, 20 घायलों की हालत नाजुक

पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। शुरुआती जानकारी में यात्रियों की संख्या की पुष्टि नहीं हो पा रही थी, लेकिन बाद में पता चला कि बस में करीब 40 यात्री सवार थे। इस दर्दनाक हादसे में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 लोग मामूली रूप से घायल हैं। वहीं, करीब 20 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की संख्या और उनकी हालत को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और रात के समय दोहरी सवारी बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें : हरीश राणा का अंतिम संस्कार, परिवार ने किया अंगदान

सीएम चंद्रबाबू नायडू ने दिए सख्त निर्देश

इस भीषण हादसे पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने घटना की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से बातचीत की और हालात की समीक्षा की। सीएम नायडू ने घायलों के इलाज को लेकर विस्तार से जानकारी ली और निर्देश दिए कि सभी प्रभावित लोगों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराई जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कराई जाए और जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट पेश की जाए। सीएम ने कहा कि सरकार मृतकों के परिजनों और घायलों के परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करेगी।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now