ऋषि तिवारी
नोएडा। नोएडा, सेक्टर-37: विनय विंग्स नव जीवन फाउंडेशन की ओर से डॉ. भीमराव अंबेडकर पुस्तकालय (मुख्यमंत्री अभ्युदय केंद्र), नोएडा सेक्टर-37 में महिलाओं और बालिकाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की गई। कार्यक्रम के दौरान सेनेटरी पैड वेंडिंग और डिस्पोजल मशीन का लोकार्पण किया गया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं और लड़कियों को माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा मुफ्त सेनेटरी पैड उपलब्ध कराना है।
इस परियोजना की मुख्य प्रेरणा नीतू यादव जी, सेनेटरी पैड प्रोजेक्ट की संचालिका हैं। उनकी देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता संबंधी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना और पीरियड्स से जुड़े स्वास्थ्य एवं जागरूकता के विषयों पर खुलकर चर्चा को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विमला बाथम जी, पूर्व अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश महिला आयोग रहीं। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य और माहवारी स्वच्छता को प्राथमिकता देना बेहद आवश्यक है। उन्होंने ऐसी सामाजिक पहलों को महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में ज्योति पटेल, प्रीति सिंह, रेखा यादव और मानसी सिंह सहित कई समाजसेवियों एवं महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी की। सभी ने महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और जागरूकता से जुड़े प्रयासों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सेनेटरी पैड वेंडिंग और डिस्पोजल मशीन की सुविधा से जरूरतमंद महिलाओं और छात्राओं को स्वच्छता संबंधी सुविधा आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही, इस्तेमाल किए गए सेनेटरी पैड के उचित निस्तारण को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
नीतू यादव जी के नेतृत्व में विनय विंग्स नव जीवन फाउंडेशन महिलाओं के विकास, स्वास्थ्य और जागरूकता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। यह पहल महिला स्वास्थ्य और मासिक धर्म स्वच्छता (Menstrual Hygiene) को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

























