ऋषि तिवारी
नई दिल्ली। श्चिमी दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे से बिजली गुल होने के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत बीएसईएस राजधानी पावर लिमिटेड (BSES Rajdhani Power Limited) से करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।
बिजली कटौती के कारण परेशान स्थानीय लोग सड़क पर बैठने को मजबूर नजर आए। लंबे समय तक बिजली नहीं आने से गर्मी के बीच लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती गईं।
बिजली नहीं होने से घरों में पीने तक का पानी नहीं
मोहन गार्डन में बिजली कटौती का सीधा असर पानी की आपूर्ति पर भी पड़ा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बिजली नहीं होने के कारण घरों में पानी की मोटर नहीं चल पा रही है। इससे कई घरों में पीने के पानी के साथ-साथ रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए भी पानी की समस्या खड़ी हो गई है।
लोगों का कहना है कि जिन घरों में इनवर्टर की सुविधा थी, वहां भी लंबे समय तक बिजली नहीं रहने के कारण इनवर्टर जवाब देने लगे। रात तक कई घरों में न तो बिजली रही और न ही पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सका।
मोहन गार्डन समेत कई इलाकों में परेशानी
बिजली कटौती का असर मोहन गार्डन, बुध बाजार, परशुराम चौक, गांधी चौक, मोहन गार्डन जल बोर्ड रोड समेत आसपास के कई इलाकों में देखने को मिला। स्थानीय निवासियों के अनुसार, बिजली नहीं होने से गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों और परिवार के अन्य सदस्यों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
सबसे बड़ी समस्या उन परिवारों के सामने है, जिनके घरों में पानी की टंकी भरने के लिए बिजली की मोटर पर निर्भरता है। लंबे समय तक बिजली गुल रहने के कारण पानी की टंकियां खाली हो गईं और लोगों को जरूरी कामों के लिए भी पानी जुटाने में परेशानी हुई।
छुट्टी के दिन भी घरों में चैन नहीं
शनिवार को कई लोगों की छुट्टी होने के बावजूद बिजली कटौती ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी। गर्मी के मौसम में लोग छुट्टी के दिन घर पर आराम करना चाहते थे, लेकिन घंटों बिजली नहीं रहने के कारण उन्हें उमस और गर्मी में परेशान होना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनभर बिजली की समस्या रहने से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हुई। लगातार शिकायत किए जाने के बावजूद यदि समय पर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होती है, तो समस्या और गंभीर हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने जल्द बिजली बहाल करने की मांग की
स्थानीय निवासियों ने संबंधित बिजली विभाग से जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि गर्मी के बीच घंटों बिजली कटौती और पानी की समस्या से आम जनता को काफी परेशानी हो रही है।
लोगों की मांग है कि मोहन गार्डन बिजली कटौती की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए और बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारणों की जानकारी भी स्थानीय लोगों को दी जाए।



























