Noida News: शिवशक्ति जन सेवा संस्था (दिल्ली-नोएडा) द्वारा आई-70, सेक्टर-9, नोएडा स्थित संस्था के कार्यालय से पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा के बेस कैंप बालटाल में आयोजित होने वाले विशाल भंडारे के लिए खाद्य सामग्री से भरे तीन ट्रकों को विधिवत पूजन, आरती एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रवाना किया गया।
संस्था द्वारा भेजी गई सामग्री
संस्था द्वारा भेजी गई खाद्य सामग्री में आटा, चावल, दालें, सरसों का तेल, शुद्ध घी, चीनी, दूध पाउडर, सूखे मेवे, नमक, विभिन्न प्रकार के मसाले तथा अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल है।इस अवसर पर मुकेश अग्रवाल,डॉ॰एसपी जैन,अनंत वर्मा,आरआर गोयल,नवीन पोरवाल,बृजमोहन अग्रवाल,आरसी गुप्ता,राजकुमार बंसल,तिलकराज मित्तल,सहित सैकड़ों भक्तगण उपस्थित थे। इससे पूर्व लगभग एक सप्ताह पहले भी संस्था द्वारा तीन ट्रकों को रवाना किया गया था, जिनमें टेंट, रसोई के बर्तन, शौचालय संबंधी सामग्री एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का सामान भेजा गया था।
विशाल निःशुल्क भंडारे का आयोजन
उल्लेखनीय है कि शिवशक्ति जन सेवा संस्था पिछले 23 वर्षों से निरंतर श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान बेस कैंप बालटाल में विशाल निःशुल्क भंडारे का आयोजन करती आ रही है। देशभर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सेवा के इस महायज्ञ में संस्था के सैकड़ों स्वयंसेवक तन, मन और धन से समर्पित होकर सेवा कार्य में जुटते हैं। इस वर्ष भी संस्था द्वारा 23वें विशाल निःशुल्क भंडारे का आयोजन पूर्ण श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ किया जा रहा है।
समाजसेवियों से इस पुण्य सेवा कार्य
संस्था का उद्देश्य केवल भोजन उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि “नर सेवा ही नारायण सेवा” तथा “शिव भक्तों की सेवा ही भगवान शिव की सच्ची आराधना है” के भाव को जन-जन तक पहुंचाना भी है। संस्था ने सभी श्रद्धालुओं एवं समाजसेवियों से इस पुण्य सेवा कार्य में सहयोग एवं भगवान भोलेनाथ से यात्रा की निर्विघ्न एवं सफल संपन्नता की प्रार्थना करने का आग्रह किया है।





















