Delhi News: दिल्ली की सियासत में इन दिनों बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिल रहा है। राघव चड्ढा समेत आप पार्टी (AAP) के कई सांसदों के भाजपा (BJP) में शामिल होने की खबरों के बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बयान सामने आया है।
वैष्णो देवी दर्शन के बाद प्रतिक्रिया
आज 26 अप्रैल को माता वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने प्रतिक्रिया दी है कि समय आने पर मां सबको सद्बुद्धि देती हैं, सही मार्ग दिखाती हैं। हमें मिलकर देश को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने अपने आध्यात्मिक अनुभव को साझा करते हुए कहा कि माता वैष्णो देवी का आशीर्वाद पूरे देश पर बना रहे और भारत नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में निरंतर प्रगति करता रहे।
आप पार्टी (AAP) की कड़ी प्रतिक्रिया
बता दें कि दूसरी ओर, आप पार्टी ने इस घटनाक्रम पर कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने राज्यसभा सभापति को याचिका सौंपकर बागी सांसदों की सदस्यता रद्द करने की मांग की है।
24 अप्रैल को हुआ बड़ा ऐलान
बता दें कि 24 अप्रैल को राघव चड्ढा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आप पार्टी छोड़ने का ऐलान किया था। उनके साथ संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी मौजूद थे। घोषणा के कुछ ही समय बाद ये नेता भाजपा में शामिल हो गए। इसके अलावा, अन्य सांसदों—स्वाति मालीवाल, हरभजन सिंह और विक्रमजीत सिंह साहनी—के भी BJP में शामिल होने की खबरें सामने आईं।
इस घटनाक्रम ने दिल्ली ही नहीं, राष्ट्रीय राजनीति में भी हलचल पैदा कर दी है। आप पार्टी के लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा है, जबकि भाजपा इसे अपनी रणनीतिक सफलता के रूप में देख रही है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और राजनीतिक बयानबाजी और घटनाक्रम देखने को मिल सकता हैं।


























