Punjab News: राज्यसभा चुनाव में करारी हार के बाद पंजाब में आप पार्टी (AAP) ने अपनी कमर कस ली है। सत्ता और संगठन को एक सूत्र में बांधने के लिए पार्टी ने जमीनी स्तर पर अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में जालंधर में पार्टी के विधायकों और हजारों ब्लॉक पर्यवेक्षकों की एक मैराथन बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश प्रभारी मनीष सिसोदिया ने सख्त निर्देश देते हुए साफ कहा कि पार्टी पूरी तरह से एकजुट है और किसी भी साजिश को असफल बनाने के लिए तैयार है।
सीएम मान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से ली बैठक की जानकारी
बता दें कि प्रदेश प्रभारी मनीष सिसोदिया के निर्देश पर बुलाई गई इस लगभग साढ़े तीन घंटे चली बैठक में मुख्यमंत्री भगवंत मान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। शुरू में यह बैठक 1,000 ब्लॉक पर्यवेक्षकों के लिए निर्धारित थी, लेकिन बाद में सभी विधायकों को भी इसमें शामिल किया गया।
बैठक का मुख्य एजेंडा पिछले चार सालों में मान सरकार की उपलब्धियों को जनता तक सीधे पहुंचाना, जमीनी स्तर पर फीडबैक लेना और आगामी चुनावों (2027) के लिए रणनीति तैयार करना था। इस दौरान महिलाओं को दिए जाने वाले 1000 रुपये और 1500 रुपये की मदद राशि समेत अन्य कल्याणकारी योजनाओं को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष चर्चा हुई।
सरकार और जनता के बीच ‘सेतु’ की भूमिका निभाएंगे पर्यवेक्षक
मनीष सिसोदिया ने बैठक में पर्यवेक्षकों के काम-काज की समीक्षा करते हुए कहा कि ये लोग सरकार और आम जनता के बीच सेतु का काम करते हैं। उन्होंने कहा, “पर्यवेक्षकों का काम सिर्फ जनता से मिलना-जुलना नहीं है, बल्कि उनकी समस्याओं को सुनकर उन्हें सरकार तक पहुंचाना है।” उन्होंने बताया कि इन पर्यवेक्षकों ने हाल ही में जनता के साथ दो दिन बिताए हैं और जमीनी सच्चाई सामने आई है।
सिसोदिया ने पंजाब सरकार के कामकाज पर भरोसा जताते हुए बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा, “भगवंत मान सरकार ने पिछले चार सालों में वो काम किए हैं, जो 1965-70 के दशक में किसी भी सरकार ने नहीं किए। केजरीवाल और मान के विजन पर पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।”
भाजपा पर तीखा प्रहार, कहा- ‘छोटी-मोटी बातों से दूर आप पार्टी’
इस दौरान मनीष सिसोदिया ने विपक्षी दलों पर खासकर भाजपा पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को पार्टियां तोड़ना और देश तोड़ना तो आता है। ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग करना भी आता है। लेकिन आप पार्टी इन छोटी-मोटी बातों से दूर रहकर सिर्फ और सिर्फ जनता के विकास पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
2027 के लक्ष्य को लेकर भरोसा
विधायक देव मान ने बैठक को सफल बताते हुए कहा कि पार्टी की अब तक की बैठकों की समीक्षा की गई। उन्होंने गुजरात स्थानीय निकाय चुनावों में आप पार्टी को मिली सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्षी दलों द्वारा कराए गए सर्वेक्षण में भी AAP सबसे आगे निकली है। उन्होंने स्पष्ट कहा, “2027 में भगवंत मान के नेतृत्व में पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।”
वहीं, नकोदर से आप पार्टी विधायक इंदरजीत कौर मान ने कहा कि यह बैठक पिछले चार महीनों से चल रही जमीनी प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने बताया, “पंजाब में यह चुनावी वर्ष है और हम पूरी तरह तैयार हैं। पर्यवेक्षकों ने हर गली-मोहल्ले का दौरा कर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है, जिसके आधार पर हम आगे की रणनीति तय करेंगे।


























