संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। नोएडा में एक बार फिर आग लगने का मामला सामने आया है। ताजा घटना नोएडा के फेस-1 इलाके के सेक्टर-10 स्थित C-122 बिल्डिंग की है। बिल्डिंग में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की जानकारी भी अभी सामने नहीं आई है। दमकल कर्मी मौके पर आग बुझाने के काम में जुटे हुए हैं।
चार दिनों से लगातार सामने आ रहे आग के मामले
नोएडा में पिछले चार दिनों से लगातार अलग-अलग जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं ने स्थानीय लोगों और कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है।
इससे पहले शनिवार दोपहर नोएडा के सेक्टर-63 में एक IT कंपनी की बिल्डिंग में अचानक आग लग गई थी। आग की चपेट में बिल्डिंग में स्थित एक ऑफिस भी आ गया था।
आग लगने के बाद बाहर निकले कर्मचारी
सेक्टर-63 की घटना के दौरान ऑफिस में मौजूद लोग समय रहते बाहर निकल गए थे। हालांकि, आग लगने के बाद बिल्डिंग के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। सूचना मिलने के बाद फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई की गई।
फिलहाल सेक्टर-10 के C-122 में लगी आग के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान और घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

























